ओडिशा के पारादीप तट से करीब 240 समुद्री मील दूर बंगाल की खाड़ी में शनिवार को एक मालवाहक जहाज डूब गया। जहाज की पहचान MV Ocean Winner के रूप में हुई है। हादसे के समय जहाज पर कुल 24 क्रू सदस्य मौजूद थे। जानकारी के मुताबिक, दो क्रू सदस्यों को सुरक्षित बचा लिया गया है, जबकि बाकी लोगों की तलाश जारी है। हादसे के बाद भारतीय एजेंसियों ने समुद्र में रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू कर दिया है।
20 चीनी नागरिक समेत 24 लोग सवार
पीटीआई के मुताबिक, जहाज के क्रू में 20 चीन, 3 म्यांमार और एक बांग्लादेश के नागरिक शामिल थे। हादसे के बाद सभी की तलाश के लिए समुद्र में अभियान चलाया जा रहा है।
लौह अयस्क लेकर सिंगापुर जा रहा था जहाज
MV Ocean Winner एक मालवाहक जहाज था। यह ओडिशा से लौह अयस्क लेकर सिंगापुर के लिए रवाना हुआ था। बताया गया है कि जहाज शुक्रवार को ओडिशा तट से निकला था और अगले ही दिन बंगाल की खाड़ी में डूब गया। जहाज के डूबने की सटीक वजह अभी सामने नहीं आई है। संबंधित एजेंसियां हादसे की परिस्थितियों की जानकारी जुटा रही हैं।
कोस्ट गार्ड और नेवी ने संभाला मोर्चा
हादसे की सूचना मिलते ही इंडियन कोस्ट गार्ड और इंडियन नेवी ने रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू कर दिया। समुद्र में मौजूद दूसरे जहाजों को भी अलर्ट किया गया है, ताकि जरूरत पड़ने पर वे बचाव अभियान में मदद कर सकें। रेस्क्यू टीमों का मुख्य फोकस लापता क्रू सदस्यों का पता लगाने और उन्हें सुरक्षित निकालने पर है।
समुद्र में मौसम भी चुनौती
हादसे के समय बंगाल की खाड़ी में मौसम पूरी तरह सामान्य नहीं था। मौसम विभाग ने उत्तर बंगाल की खाड़ी में कम दबाव का क्षेत्र बनने की संभावना जताई थी। ऐसे में समुद्र में मौसम खराब होने की आशंका बनी हुई थी। हालांकि, जहाज के डूबने की वजह खराब मौसम ही था, इसकी अभी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
बाकी क्रू की तलाश जारी
दो लोगों के सुरक्षित बचाए जाने के बाद अब रेस्क्यू एजेंसियां बाकी क्रू सदस्यों की तलाश में जुटी हैं। समुद्र में तलाशी अभियान लगातार जारी है और आसपास के जहाजों को भी इसमें सहयोग के लिए अलर्ट किया गया है। हादसे की पूरी तस्वीर रेस्क्यू ऑपरेशन और आगे सामने आने वाली आधिकारिक जानकारी के बाद ही साफ हो सकेगी।