देश आज शनिवार को 80वां स्वतंत्रता दिवस मना रहा है। पंजाब में भी स्वतंत्रता दिवस समारोह पूरे उत्साह और देशभक्ति के माहौल में मनाया गया। मुख्यमंत्री भगवंत मान ने शनिवार को फिरोजपुर के कैंटोनमेंट ग्राउंड में आयोजित राज्य स्तरीय समारोह में तिरंगा फहराया। इससे पहले उन्होंने हुसैनीवाला बॉर्डर स्थित शहीदी स्मारक पहुंचकर शहीद-ए-आजम भगत सिंह, राजगुरु और सुखदेव को श्रद्धांजलि अर्पित की।
मुख्यमंत्री ने तीनों महान क्रांतिकारियों की समाधि पर पुष्पमाला अर्पित कर देश की आजादी के लिए उनके सर्वोच्च बलिदान को नमन किया। इसके बाद वह कैंटोनमेंट ग्राउंड पहुंचे, जहां स्वतंत्रता दिवस के मुख्य समारोह में शामिल होकर राष्ट्रीय ध्वज फहराया।
अमृतसर में अमन अरोड़ा ने संभाली समारोह की कमान
अमृतसर के गुरु नानक स्टेडियम में भी स्वतंत्रता दिवस का जिला स्तरीय समारोह आयोजित किया गया। पंजाब के कैबिनेट मंत्री अमन अरोड़ा ने राष्ट्रीय ध्वज फहराकर कार्यक्रम की शुरुआत की। इसके बाद उन्होंने परेड का निरीक्षण किया और विभिन्न टुकड़ियों की ओर से दी गई सलामी स्वीकार की।
समारोह में पुलिस और सुरक्षा बलों की टुकड़ियों ने मार्च पास्ट किया। इस दौरान स्वतंत्रता संग्राम के दौरान देश के लिए अपने प्राण न्योछावर करने वाले स्वतंत्रता सेनानियों को याद किया गया। राष्ट्रगान के दौरान स्टेडियम में मौजूद लोगों ने तिरंगे को सलामी दी।
ट्रैफिक रोकने पर लोगों में नाराजगी
उधर, हुसैनीवाला बॉर्डर पर मुख्यमंत्री के श्रद्धांजलि कार्यक्रम के चलते स्थानीय लोगों को करीब ढाई घंटे तक परेशानी का सामना करना पड़ा। सुरक्षा व्यवस्था के मद्देनजर पुलिस ने सैकड़ों लोगों को रास्ते में रोक दिया।
एक बीमार महिला ने आरोप लगाया कि उसे चक्कर आ रहे थे, लेकिन पुलिसकर्मियों ने उसे शहर के अस्पताल जाने की अनुमति नहीं दी। महिला काफी देर तक रास्ता देने की गुहार लगाती रही। वहीं, कई लोगों ने बताया कि उन्हें ट्रेन पकड़नी थी, जबकि कुछ अन्य जरूरी काम से शहर की ओर जा रहे थे। लोगों ने आरोप लगाया कि उन्हें घंटों सड़क पर खड़े रहने के लिए मजबूर होना पड़ा। इसे लेकर कई लोगों ने नाराजगी भी जताई।
बठिंडा और लुधियाना में भी भव्य समारोह
बठिंडा के शहीद भगत सिंह बहुउद्देशीय खेल स्टेडियम में आयोजित जिला स्तरीय समारोह में पंजाब के राजस्व, पुनर्वास एवं आपदा प्रबंधन, जल आपूर्ति एवं स्वच्छता तथा मकान निर्माण एवं शहरी विकास मंत्री हरदीप सिंह मुंडियां ने तिरंगा फहराया।
वहीं, लुधियाना में पंजाब एग्रीकल्चरल यूनिवर्सिटी (पीएयू) के एथलेटिक ग्राउंड में जिला स्तरीय मुख्य समारोह आयोजित हुआ। वित्त एवं आबकारी मंत्री हरपाल सिंह चीमा मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। सुबह करीब 9 बजे उन्होंने राष्ट्रीय ध्वज फहराया। इसके बाद राष्ट्रगान हुआ और मंत्री ने परेड का निरीक्षण किया।