मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव मैहर में आयोजित राज्य स्तरीय कार्यक्रम से प्रदेश की 1 करोड़ 25 लाख से अधिक लाड़ली बहनों के बैंक खातों में सिंगल क्लिक के जरिए ₹2,148 करोड़ से ज्यादा की राशि ट्रांसफर करेंगे। रक्षाबंधन से पहले मध्य प्रदेश की लाड़ली बहनों के लिए आज का दिन खास होने वाला है।
बहन के खाते में पहुंचेंगे ₹1,750
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव द्वारा ट्रांसफर की जाने वाली राशि में लाड़ली बहना योजना की 39वीं किस्त के ₹1,500 और रक्षाबंधन के विशेष शगुन के तौर पर ₹250 शामिल हैं। इस तरह प्रत्येक पात्र बहन के खाते में कुल ₹1,750 की राशि सीधे DBT के माध्यम से पहुंचेगी। सरकार की ओर से इसे रक्षाबंधन के पहले बहनों को दिए जाने वाले खुशियों के नेग के रूप में बताया गया है। राशि सीधे बैंक खातों में पहुंचने से पात्र हितग्राहियों को इसका लाभ मिलेगा।
मैहर को ₹256 करोड़ के विकास कार्यों की सौगात
मैहर में आयोजित कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव जिले को भी बड़ी विकास सौगात देंगे। मुख्यमंत्री ₹256 करोड़ से अधिक लागत के विभिन्न विकास कार्यों का लोकार्पण और भूमिपूजन करेंगे। इससे जिले में विकास कार्यों को गति मिलने की उम्मीद है।
अब तक ₹63,248 करोड़ से ज्यादा की राशि ट्रांसफर
लाड़ली बहना योजना की शुरुआत जून 2023 में हुई थी। योजना के तहत अब तक 39 किस्तों में ₹63,248 करोड़ से अधिक की राशि प्रदेश की बहनों के बैंक खातों में पहुंचाई जा चुकी है। सरकार लगातार योजना के माध्यम से महिलाओं को आर्थिक सहायता देने का दावा करती रही है। रक्षाबंधन से पहले होने वाले इस राज्य स्तरीय कार्यक्रम में बड़ी संख्या में लाड़ली बहनों की मौजूदगी भी रहेगी। मुख्यमंत्री के मैहर दौरे और विकास कार्यों के लोकार्पण-भूमिपूजन पर भी लोगों की नजर रहेगी।