हिमाचल प्रदेश का राज्य स्तरीय स्वतंत्रता दिवस समारोह शनिवार, 15 अगस्त को हमीरपुर जिले के बड़सर में आयोजित किया जाएगा। मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला बड़सर में तिरंगा फहराएंगे और प्रदेशवासियों को संबोधित करेंगे। समारोह की तैयारियां अंतिम चरण में हैं।
इस बीच प्रदेश के लाखों सरकारी कर्मचारी, पेंशनर और उनके परिवार मुख्यमंत्री के संबोधन पर खास नजर बनाए हुए हैं। लंबित महंगाई भत्ते (डीए), वेतन संशोधन के एरियर और अन्य वित्तीय देनदारियों को लेकर कर्मचारियों को बड़ी घोषणाओं की उम्मीद है।
डीए की लंबित किस्तों पर टिकी निगाहें
कर्मचारियों को उम्मीद है कि मुख्यमंत्री 15 अगस्त के संबोधन में लंबित 15 फीसदी महंगाई भत्ते की किस्तें जारी करने का ऐलान कर सकते हैं। इसके अलावा वर्ष 2022 में लागू संशोधित वेतनमान के तहत मिलने वाला एरियर भी बड़ी देनदारी बना हुआ है। कर्मचारियों का एक वर्ग उम्मीद कर रहा है कि सरकार इस संबंध में भी कोई राहत की घोषणा करेगी।
हालांकि, सरकार की ओर से अब तक डीए, एरियर या किसी विशेष वित्तीय पैकेज को लेकर कोई आधिकारिक संकेत नहीं दिया गया है। ऐसे में मुख्यमंत्री के बड़सर संबोधन को लेकर कर्मचारियों और पेंशनरों में उत्सुकता बनी हुई है।

पहली बार लाखों विद्यार्थी लाइव सुनेंगे सीएम का संबोधन
इस बार स्वतंत्रता दिवस समारोह सरकारी स्कूलों के विद्यार्थियों के लिए भी खास होगा। प्रदेश के सरकारी स्कूलों में पहली बार मुख्यमंत्री के राज्य स्तरीय संबोधन का लाइव प्रसारण किया जाएगा। इससे लाखों विद्यार्थी एक साथ मुख्यमंत्री का संदेश देख और सुन सकेंगे।
शिक्षा निदेशालय के निर्देशों के मुताबिक समारोह की शुरुआत ध्वजारोहण और राष्ट्रगान से होगी। इसके बाद स्वतंत्रता संग्राम के इतिहास और देश के महान राष्ट्रनायकों के योगदान से विद्यार्थियों को परिचित कराया जाएगा। छठी से 12वीं कक्षा तक के विद्यार्थियों को अपने-अपने राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालयों में आयोजित कार्यक्रमों में शामिल होने के निर्देश दिए गए हैं। दूरदराज और दुर्गम क्षेत्रों के स्कूलों में स्थानीय स्तर पर समारोह आयोजित होंगे।
12 टुकड़ियां करेंगी भव्य मार्चपास्ट
मुख्यमंत्री सुबह 11 बजे बड़सर पहुंचेंगे और 11:02 बजे ध्वजारोहण करेंगे। इसके बाद 11:10 बजे मार्चपास्ट होगा। समारोह में कुल 12 टुकड़ियां हिस्सा लेंगी, जबकि दो बैंड भी मार्चपास्ट का हिस्सा होंगे। परेड में हिमाचल प्रदेश पुलिस की विभिन्न बटालियनों, हमीरपुर जिला पुलिस, यातायात पुलिस, महिला और पुरुष होमगार्ड, हरियाणा पुलिस तथा स्कूल-कॉलेजों की टुकड़ियां शामिल होंगी।
हिमाचल पुलिस की उत्तरी रेंज की विशेष सुरक्षा इकाई की ओर से वीआईपी सुरक्षा पर विशेष प्रदर्शन भी किया जाएगा। परेड की सलामी लेने के बाद मुख्यमंत्री प्रदेशवासियों को संबोधित करेंगे।
सांस्कृतिक कार्यक्रम और सम्मान समारोह भी

समारोह में विभिन्न जिलों और बड़सर क्षेत्र के स्कूलों के सांस्कृतिक दल देशभक्ति और हिमाचली लोक संस्कृति पर आधारित प्रस्तुतियां देंगे। मुख्यमंत्री विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय योगदान देने वाले लोगों को सम्मानित करेंगे। भवन एवं अन्य सन्निर्माण कामगार कल्याण बोर्ड की लाभार्थी महिलाओं को चेक भी वितरित किए जाएंगे।
परेड और सांस्कृतिक कार्यक्रमों में हिस्सा लेने वाले प्रतिभागियों को भी पुरस्कृत किया जाएगा। कार्यक्रम के समापन के बाद मुख्यमंत्री विभिन्न विभागों की प्रदर्शनियों का अवलोकन करेंगे। वहीं उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री चंबा और विधानसभा अध्यक्ष कुलदीप सिंह पठानिया बिलासपुर में स्वतंत्रता दिवस समारोहों की अध्यक्षता करेंगे।