मध्यप्रदेश में 27 अगस्त को भी अवकाश घोषित कर दिया गया है। जबलपुर स्थित मध्यप्रदेश हाईकोर्ट की मुख्य पीठ के साथ इंदौर और ग्वालियर खंडपीठ तथा संबंधित रजिस्ट्री कार्यालयों में गुरुवार को कामकाज नहीं होगा। जिला न्यायालयों में भी 27 अगस्त को अवकाश रहेगा।यह बदलाव 21 अगस्त को जारी आदेश में संशोधन के बाद किया गया है। इसके बदले 19 सितंबर 2026, शनिवार को कार्य दिवस घोषित किया गया है।
हाईकोर्ट और जिला कोर्ट में तीन दिन कामकाज बंद
27 अगस्त को छुट्टी होने से ईद मिलादुन्नबी और रक्षाबंधन के बीच न्यायालयों में लगातार तीन दिन का अवकाश रहेगा।इसके बाद शनिवार और रविवार का साप्ताहिक अवकाश होने के कारण कुछ न्यायालयों के न्यायिक कर्मचारियों को लगातार 5 दिन की छुट्टी मिल जाएगी।यानी बुधवार से रविवार तक लगातार अवकाश का मौका बनेगा।
19 सितंबर को होगी भरपाई
27 अगस्त के अवकाश के बदले 19 सितंबर को शनिवार के दिन कोर्ट खुलेगी। उस दिन न्यायालयीन कामकाज सामान्य रूप से संचालित किया जाएगा।यह व्यवस्था हाईकोर्ट की जबलपुर मुख्यपीठ के अलावा इंदौर और ग्वालियर खंडपीठों तथा संबंधित रजिस्ट्री कार्यालयों पर भी लागू होगी।अवकाश में बदलाव के बाद 27 अगस्त की तारीख पर लगी सुनवाई और अन्य न्यायालयीन कार्य प्रभावित होंगे। इसलिए अधिवक्ताओं और न्यायालय से जुड़े पक्षकारों के लिए नई व्यवस्था को ध्यान में रखना जरूरी है।जिला न्यायालयों में भी 27 अगस्त को कामकाज बंद रहेगा और 19 सितंबर को कार्य दिवस के रूप में न्यायालयीन गतिविधियां संचालित होंगी।
27 अगस्त से 5 दिन तक छुट्टी का हिसाब
- 26 अगस्त: बुधवार — अवकाश
- 27 अगस्त: गुरुवार — नया घोषित अवकाश
- 28 अगस्त: शुक्रवार — रक्षाबंधन का अवकाश
- 29 अगस्त: शनिवार — साप्ताहिक अवकाश
- 30 अगस्त: रविवार — साप्ताहिक अवकाश
यानी कुछ कोर्ट में लगातार 5 दिन अवकाश रहेगा।