महाकाल मंदिर के गेट नंबर एक के बाहर स्थित शिवम रेस्टोरेंट में शनिवार रात श्रद्धालुओं के साथ कथित मारपीट का मामला सामने आया है। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वायरल वीडियो में कुछ लोगों के बीच विवाद और मारपीट होती दिखाई दे रही है।
क्या है मामला?
जानकारी के अनुसार श्रद्धालु मंदिर दर्शन के बाद गेट नंबर एक के बाहर स्थित शिवम रेस्टोरेंट में खाना खाने पहुंचे थे। इसी दौरान किसी बात को लेकर श्रद्धालुओं और रेस्टोरेंट कर्मचारियों के बीच विवाद हो गया। देखते ही देखते विवाद बढ़ गया और दोनों पक्षों के बीच कहासुनी के बाद मारपीट शुरू हो गई।
उज्जैन महाकाल मंदिर के गेट नंबर 1 पर स्थित शिवम रेस्टोरेंट में खाना खाने गए श्रद्धालुओं से मारपीट। आरोप है कि कर्मचारियों ने लोहे की ट्रे से हमला किया और महिलाओं के साथ भी अभद्रता की। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद सुरक्षा पर उठे सवाल! #ujjai #mahakal #mpnews… pic.twitter.com/2YHLZDz8ep
— Lallu Ram (@lalluram_news) August 23, 2026
लोहे की ट्रे और भारी वस्तुओं से हमला
आरोप है कि रेस्टोरेंट के संचालक और कर्मचारियों ने श्रद्धालुओं के साथ मारपीट की । इस दौरान महिलाओं के साथ भी धक्का-मुक्की होते दिखाई दें रही है। आरोप यह भी है कि कर्मचारियों ने श्रद्धालुओं पर लोहे की ट्रे और अन्य भारी वस्तुओं से हमला किया। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
महिलाओं से भी धक्का-मुक्की
घटना का वीडियो सामने आने के बाद मामला सोशल मीडिया पर चर्चा में आ गया। वीडियो में कुछ लोग एक-दूसरे के साथ हाथापाई करते नजर आ रहे हैं। वीडियो वायरल होने के बाद श्रद्धालुओं की सुरक्षा को लेकर भी सवाल उठने लगे हैं, खासकर महाकाल मंदिर के आसपास संचालित होने वाले रेस्टोरेंट और अन्य प्रतिष्ठानों को लेकर।
पुलिस का रुख
इस मामले में थाना महाकाल पुलिस का कहना है कि पुलिस के संज्ञान में घटना से संबंधित एक वीडियो आया है, लेकिन अभी तक किसी पक्ष की ओर से लिखित शिकायत लेकर कोई शिकायतकर्ता थाने नहीं पहुंचा है । पुलिस का कहना है कि शिकायत मिलने के बाद मामले की जांच कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी ।
फिलहाल वायरल वीडियो के आधार पर घटना को लेकर अलग-अलग दावे किए जा रहे हैं। पुलिस द्वारा जांच के बाद ही मारपीट की वास्तविक वजह और घटनाक्रम की पूरी तस्वीर स्पष्ट हो सकेगी।