तीन साल बाद रामपुर में आजम खां से मिले अखिलेश यादव: एक घंटे तक चली 'सीधी मुलाकात', गिले-शिकवे दूर हुए ?
रामपुर। सपा के मुखिया अखिलेश यादव की आज दोपहर बाद करीब तीन साल बाद यहां आजम खां से सीधी मुलाकात हुई। माना जा रहा है कि करीब एक घंटे तक चली बातचीत में दोनों नेताओं के बीच लंबे समय से चल रहे गिले-शिकवे दूर करने और संगठन से जुड़े मुद्दों पर चर्चा हुई। इस दौरान मीडिया को दूर रखा गया।
अखिलेश यादव का हेलीकॉप्टर जौहर विश्वविद्यालय परिसर में उतरा। फिर वे सीधे आजम खां के घर पहुंचे। इसके पूर्व जैसे ही उनका हेलीकाप्टर यूनिवर्सिटी पहुंचा वहां बाहर सुरक्षा व्यवस्था और सख्त कर दी गई। पुलिस ने मीडिया कर्मियों को आजम के घर के बाहर ही रोक दिया है। अखिलेश यादव के पहुंचने से सपा कार्यकर्ताओं में भारी उत्साह देखा गया।
कार्यकर्ताओं की भीड़ नारे लगाती रही। जिले के सपा जिलाध्यक्ष समेत तमाम वरिष्ठ नेता पहले से ही यूनिवर्सिटी परिसर में मौजूद थे। पूर्व मुख्यमंत्री के आगमन को लेकर प्रशासन कल से ही सतर्क था।
पुलिस के आला अधिकारी लगातार मौके पर स्थिति का जायजा ले रहे थे। खुफिया विभाग ने भी इलाके में निगरानी बढ़ा दी थी। सूत्रों के अनुसार मुलाकात में दोनों नेताओं के बीच लंबे समय से चल रहे गिले-शिकवे दूर करने और संगठन से जुड़े मुद्दों पर चर्चा हुई।
साथ ही अखिलेश यादव आजम खां की सेहत का हालचाल भी जाना। प्रशासन ने अखिलेश यादव की सुरक्षा के लिए तीन मजिस्ट्रेट और सीओ स्तर के अधिकारी तैनात किए हैं। पूरे इलाके को छावनी में तब्दील कर दिया गया है। आजम खां के मोहल्ले की ओर जाने वाले कई रास्तों और दुकानों को बंद करा दिया गया था।