अहमदाबाद में ज्वैलरी शोरूम की सेल्सगर्ल ने पार किये 1.66 करोड़ के गहने, हुई फरार; CCTV में कैद पूरी साजिश
अहमदाबाद के निकोल इलाके में एक ज्वैलरी शोरूम से हैरान कर देने वाली चोरी का मामला बुधवार को सामने आया है। यहां काम करने वाली एक सेल्सगर्ल करीब 1.66 करोड़ रुपये के सोने के आभूषण लेकर फरार हो गई। घटना की पूरी वारदात शोरूम में लगे CCTV कैमरों में कैद हो गई है, जिसके आधार पर पुलिस ने जांच तेज कर दी है।
11 महीने से काम कर रही थी महिला आरोपी
पुलिस द्वारा दी गयी जानकारी के अनुसार, हर्षिदा शेट्टी नाम की युवती पिछले करीब 11 महीनों से शोरूम में सेल्सगर्ल के तौर पर काम कर रही थी। शोरूम में कुल 19 कर्मचारी कार्यरत हैं। किसी को अंदाजा नहीं था कि भरोसेमंद मानी जा रही यह कर्मचारी ही इतने बड़े चोरी कांड को अंजाम दे देगी।
सूत्रों ने बताया कि 11 मई को दोपहर के समय दुकान मालिक लंच के लिए घर गए हुए थे। इसी दौरान आरोपी ने मौके का फायदा उठाते हुए धीरे-धीरे सोने के गहनों को अपनी यूनिफॉर्म की जेबों में छिपाना शुरू कर दिया। बाद में उसने कर्मचारियों से कहा कि उसे मालिक ने छुट्टी दी है और वह जरूरी काम से जा रही है।
CCTV फुटेज से खुली पूरी सच्चाई
शाम को जब मालिक वापस लौटे तो एक गहना गायब मिलने पर शक गहराया। इसके बाद CCTV फुटेज खंगाले गए, जिसमें आरोपी युवती को अलमारी से गहने निकालकर छिपाते और फिर स्टोर रूम से बैग लेकर शोरूम से बाहर निकलते देखा गया। घटना के बाद उसका मोबाइल फोन भी बंद मिला।
कई प्रकार के गहने लेकर हुई फरार
जांच में सामने आया कि आरोपी करीब 1.66 करोड़ रुपये के सोने के गहने लेकर भागी है। चोरी किए गए आभूषणों में चेन, अंगूठियां, झुमके, मंगलसूत्र, पेंडेंट और घड़ियां शामिल हैं। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और आरोपी की तलाश के लिए टीमों को लगाया गया है।
निकोल पुलिस ने इस मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच शुरू कर दी है। CCTV फुटेज और अन्य तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपी की तलाश की जा रही है। पुलिस के मुताबिक, जल्द ही आरोपी शेट्टी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।