बालोद में गांजा तस्करी की अनोखी कोशिश नाकाम, 5 गिरफ्तार
Police Ganja Smugglers Arrested: बालोद जिले में बुधवार को गांजा तस्करी का मामला सामने आया है। ओडिशा से मध्यप्रदेश की ओर जा रहे तस्करों ने प्लास्टिक के टबों में शातिर तरीके से गांजा छिपाकर बाइक पर तस्करी की कोशिश की। पुलिस ने इसका पर्दाफाश कर 5 तस्करों को गिरफ्तार कर लिया, जिनमें एक नाबालिग भी शामिल है।
तस्करी का अनोखा तरीका
तस्करों ने प्लास्टिक के टबों को खास तरीके से तैयार किया था। ऊपर के टब सामान्य रखे गए थे, जबकि नीचे वाले टबों के निचले हिस्से को काटकर खोखला बनाया गया और उसमें गांजा भरा गया। कुल 4 बाइकों पर सवार होकर यह गिरोह ओडिशा से गांजा लेकर मध्यप्रदेश जा रहा था। सभी बाइक मध्यप्रदेश की पासिंग वाली थीं।
मुखबिर की सूचना पर चेकिंग
पुलिस को मंगलवार को मुखबिर से सूचना मिली कि 6 संदिग्ध व्यक्ति 4 बाइकों पर गांजा लेकर निकले हैं। आगे-पीछे दो बाइकें रिकी कर रही थीं, जबकि दो बाइकों पर टबों में गांजा छिपाया गया था। वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर भेड़ी तिराहा पर चेकिंग पॉइंट लगाया गया।
जैसे ही तस्करों की बाइक चेकिंग पॉइंट के पास पहुंची, एक युवक पीछे से कूदकर भागने की कोशिश करने लगा। पुलिस ने सभी चारों बाइकों को रोका और तलाशी ली।
बरामदगी और कीमत
तलाशी के दौरान कैरियर पर रखे काले प्लास्टिक टबों की जांच की गई। एक बाइक से 22 पैकेट और दूसरी से 28 पैकेट गांजा बरामद हुआ। कुल 72.621 किलोग्राम गांजा जब्त किया गया, जिसकी अनुमानित कीमत 36 लाख 31 हजार 50 रुपये बताई गई है।
इन आरोपियों को किया गया गिरफ्तार
आरोपी श्याम गोड़ (26 वर्ष), प्रदीप चौहान (20 वर्ष), दोनों टपराटोला, जिला रायसेन (मप्र) के रहने वाले है। पवन गोड़ (26 वर्ष) जो किराहतगढ़, जिला सागर (मप्र) निवासी है। संजय कुमावत (20 वर्ष), जो कि टपरा पठारी, जिला रायसेन (मप्र) का रहने वाला है। आरोपियों में एक नाबालिग भी शामिल है। सभी आरोपियों के खिलाफ NDPS एक्ट की धारा 20(ख) के तहत मामला दर्ज किया गया है। उन्हें कोर्ट में पेश कर जेल भेज दिया गया है। पुलिस आगे की कार्रवाई करने में जुटी हुई है।