देश-विदेश

सांरडा मामले पर कल सुप्रीम कोर्ट में होगी अहम सुनवाई

न्यूज़11 भारत रांची/डेस्क: झारखंड सरकार सारंडा सघन वन क्षेत्र को वाइल्ड लाइफ सेंचुरी घोषित करने के संबंध में सुप्रीम कोर्ट में होने वाली सुनवाई को अत्यंत गंभीरता से ले रही है. इस मामले पर सुप्रीम कोर्ट में अहम सुनवाई कल होनी हैं. बता दें कि सुप्रीम कोर्ट ने पिछली सुनवाई में मुख्य सचिव को चेतावनी दी थी कि यदि 8 अक्तूबर तक सारंडा को वाइल्ड लाइफ सेंचुरी घोषित नहीं किया गया, तो उन्हें जेल भेजा जा सकता है. इसके साथ ही, अदालत ने मुख्य सचिव को 8 अक्तूबर की सुनवाई के दौरान व्यक्तिगत रूप से उपस्थित रहने का निर्देश भी दिया था.

सूत्रों के मुताबिक, राज्य सरकार सुप्रीम कोर्ट में होने वाली सुनवाई के दौरान ग्रुप ऑफ मिनिस्टर्स की रिपोर्ट पेश कर सकती है, जिसमें वन्य जीवों के साथ-साथ वन क्षेत्र में निवास करने वाले गरीब आदिवासियों के आर्थिक, सामाजिक और सांस्कृतिक जीवन पर पड़ने वाले प्रभावों को उजागर किया जाएगा। जानकारी के अनुसार, वित्त मंत्री राधाकृष्ण किशोर की अध्यक्षता में पांच सदस्यीय ग्रुप ऑफ मिनिस्टर्स ने हाल ही में सारंडा का दौरा किया, जहां उन्होंने स्थानीय लोगों की स्थिति का मूल्यांकन किया। इस ग्रुप ने अपनी रिपोर्ट में उल्लेख किया है कि सारंडा को वाइल्ड लाइफ सेंचुरी घोषित करने से वहां के गरीब आदिवासियों के जीवन पर नकारात्मक प्रभाव पड़ेगा।

सुनवाई के बाद लौटेंगे सीएम और मुख्य सचिव

सांरडा मामले पर सुनवाई को लेकर सीएम हेमंत सोरेन और मुख्य सचिव अविनाश कुमार दिल्ली में मौजूद हैं, जहां वे प्रमुख अधिवक्ताओं से कानूनी सलाह ले रहे हैं. सरकार की गंभीरता इस बात से भी स्पष्ट होती है कि मुख्यमंत्री आठ अक्तूबर को सुनवाई के बाद दिल्ली से रांची लौटेंगे. बता दें कि मुख्यमंत्री और मुख्य सचिव पांच अक्तूबर की शाम को दिल्ली गए थे.