कर्नाटक के तुमकुरु में एक पिता ने शादी के विवाद पर

कर्नाटक में ऑनर किलिंग: बेटी की शादी को लेकर घर में था विवाद, पिता ने ही कर दी उसकी हत्या

कर्नाटक में ऑनर किलिंग: बेटी की शादी को लेकर घर में था विवाद, पिता ने ही कर दी उसकी हत्या

कर्नाटक के तुमकुरु जिले से रविवार को रिश्तों को झकझोर कर रख देने वाला एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहाँ एक पिता ने अपनी ही 17 वर्षीय बेटी की बेरहमी से हत्या कर दी। पुलिस जांच में सामने आया कि परिवार के भीतर शादी को लेकर चल रहे विवाद ने इतना भयावह रूप ले लिया कि पिता ने कथित तौर पर बेटी को मौत के घाट उतार दिया।

यह दिल दहला देने वाली घटना शिरा तालुका के निंबेमरदहल्ली गांव की है, जहां मेघना नाम की किशोरी पिछले एक महीने से लापता थी। शुरुआत में परिवार ने गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई, लेकिन अब जांच की दिशा पूरी तरह बदल चुकी है।

प्रतीकात्मक तस्वीर

शादी को लेकर घर में बढ़ता जा रहा था तनाव

पुलिस के मुताबिक, मेघना की शादी को लेकर परिवार में लंबे समय से विवाद चल रहा था। आरोप है कि उसकी मां निर्मला और कुछ रिश्तेदार चाहते थे कि लड़की के 18 साल पूरे होते ही उसकी शादी रिश्तेदारी में कर दी जाए। बताया जा रहा है कि संभावित दूल्हे के परिवार ने शादी की तैयारियां भी शुरू कर दी थीं और साड़ियां व मंगलसूत्र तक खरीद लिए गए थे।

हालांकि, मेघना के पिता थिम्मरायप्पा इस रिश्ते के खिलाफ थे। इसी बात को लेकर पिछले कई महीनों से घर में लगातार झगड़े हो रहे थे।

झगड़े के अगले दिन गायब हुई थी मेघना

16 अप्रैल को मेघना अचानक लापता हो गई। उसकी मां जब मजदूरी से घर लौटी तो बेटी घर पर नहीं थी। मोबाइल फोन भी बंद आ रहा था। इसके बाद परिवार ने पुलिस में गुमशुदगी की शिकायत दर्ज कराई।

मेघना की तस्वीर

लेकिन मामले ने नया मोड़ तब लिया जब कुछ समय बाद पिता थिम्मरायप्पा भी अचानक गायब हो गया। इससे पुलिस का शक गहरा गया और पूछताछ के दौरान पूरा मामला खुलता चला गया।

पुलिस पूछताछ में कबूला जुर्म

पुलिस सूत्रों के अनुसार, पूछताछ में आरोपी पिता ने अपना अपराध स्वीकार कर लिया। जांच में सामने आया कि उसने पहले बेटी को कुएं में धक्का दिया, फिर उस पर पत्थरों से हमला किया। बाद में शव को बाहर निकालकर एक सुनसान इलाके में दफना दिया गया। सबसे चौंकाने वाली बात यह रही कि हत्या के बाद आरोपी खुद पत्नी के साथ थाने पहुंचा और बेटी की गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराने में मदद करता रहा, ताकि किसी को उस पर शक न हो।

फिलहाल पुलिस मामले की गहराई से जांच कर रही है और आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।