अन्य

खंडवा: ‘एक्सीडेंट’ निकला खौफनाक साजिश, साली के प्यार में दामाद बना हैवान

Khandwa accident murder case: मध्य प्रदेश के खंडवा जिले में 16 अप्रैल को हुआ सड़क हादसा अब एक दिल दहला देने वाली साजिश बनकर सामने आया है। जो मामला पहले एक आम एक्सीडेंट लग रहा था, वो अब रिश्तों, जुनून और बदले की खतरनाक कहानी बन चुका है। पुलिस की जांच में जो खुलासा हुआ है, उसने हर किसी को चौंका दिया है।

हादसा नहीं, प्लान करके किया गया हमला

मूंदी थाना क्षेत्र के पास हुई इस घटना को शुरुआत में सड़क दुर्घटना माना गया था। लेकिन जैसे-जैसे जांच आगे बढ़ी, मामला पूरी तरह पलट गया।पुलिस के अनुसार, आरोपी लवकुश राठौर ने अपनी थार गाड़ी से बलेनो कार को एक नहीं बल्कि तीन बार टक्कर मारी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार सीधे खाई में जा गिरी , और यहीं से साजिश की असली तस्वीर सामने आने लगी।

12 साल पुराना रिश्ता बना वजह

जांच में सामने आया कि आरोपी का अपनी साली के साथ पिछले करीब 12 साल से संबंध था। ये रिश्ता लंबे समय तक परिवार से छिपा रहा, लेकिन जब इसका खुलासा हुआ तो हालात बिगड़ गए। परिवार ने युवती की शादी कहीं और तय कर दी  बस यही बात आरोपी को बर्दाश्त नहीं हुई।

शादी रुकवाने के लिए बनाई साजिश

पुलिस का कहना है कि आरोपी युवती को अपने साथ रखना चाहता था और इस शादी के खिलाफ था।  इसी वजह से उसने पूरे परिवार को रास्ते से हटाने की योजना बना डाली। घटना वाले दिन परिवार बलेनो कार से सिंगाजी धाम जा रहा था। आरोपी ने रास्ते में उनका पीछा किया और मौके देखकर हमला कर दिया।

दो की मौत, तीन घायल

इस हमले में पूर्व सरपंच सुमनबाई और उनके बेटे सौरभ राठौर की मौके पर ही मौत हो गई।  कार में सवार तीन अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हैं, जिनमें वही युवती भी शामिल है, जिसे लेकर पूरा विवाद खड़ा हुआ।

कॉल डिटेल्स ने खोला राज

जांच में कॉल रिकॉर्ड्स ने अहम भूमिका निभाई। पुलिस के मुताबिक, आरोपी और युवती के बीच रोजाना दर्जनों कॉल होती थीं  कई बार ये संख्या 100 तक पहुंच जाती थी। घटना वाले दिन भी दोनों के बीच लगातार बातचीत हुई, जिससे पुलिस को लोकेशन ट्रैक करने में मदद मिली। सबसे चौंकाने वाली बात ये है कि जिस समय हमला हुआ, परिवार उसी वक्त थाने जा रहा था. वे आरोपी के खिलाफ शिकायत दर्ज कराने वाले थे, लेकिन उससे पहले ही ये वारदात हो गई , और सब कुछ खत्म हो गया।

आरोपी गिरफ्तार

पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है और उसके खिलाफ हत्या व हत्या के प्रयास का मामला दर्ज किया गया है। फिलहाल जांच जारी है, और अब पूरा मामला अदालत में सबूतों के आधार पर तय होगा।

Read More:- चारधाम यात्रा 2026 आज से शुरू: 18.25 लाख श्रद्धालुओं ने कराया रजिस्ट्रेशन, 19 अप्रैल को खुलेंगे कपाट