In Sakti district, a man was arrested for raping a

शक्ति में शादी का झांसा देकर युवती से रेप, आरोपी गिरफ्तार!

शक्ति में शादी का झांसा देकर युवती से रेप, आरोपी गिरफ्तार!

Sakti Rape News: सक्ती जिले में एक युवक ने शादी का झासा देकर युवती से दुष्कर्म किया। बता दें दोनों की इंस्टाग्राम के माध्यम से दोस्ती हुई थी। फिलहाल पुलिस ने व्यक्ति को रेप के आरोप में गिरफ्तार कर आरोपी को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है। यह मामला मालखरौदा थाना क्षेत्र का है।

पुलिस ने दर्ज की शिकायत

पुलिस के मुताबिक, पीड़िता ने 25 मई को मालखरौदा थाने में शिकायत दर्ज कराई थी। पीड़िता ने बताया कि- ' इंस्टाग्राम के जरिए उसकी पहचान राकेश टंडन (26), निवासी थेम्हापारा, चौकी मल्हार, थाना मस्तूरी, जिला बिलासपुर से हुई थी। आरोपी ने उसे शादी का झांसा दिया और 11 मई को मिशन चौक बुलाया।

शिकायत के अनुसार, राकेश टंडन पीड़िता को मोटरसाइकिल पर बैठाकर एक सुनसान जगह ले गया। वहां उसने जान से मारने की धमकी देते हुए कथित तौर पर दुष्कर्म किया।

धमकी देकर किया दुष्कर्म

पीड़िता ने युवक पर आरोप लगाया कि- 'आरोपी उसे बिलासपुर ले गया और रास्ते में उसकी मोबाइल सिम तोड़ दी। इसके बाद उसे गोंदिया होते हुए महाराष्ट्र के कराड-मलकापुर क्षेत्र में एक घर में रखा गया। वहां आरोपी ने परिवार वालों को नुकसान पहुंचाने की धमकी देकर लगातार शारीरिक शोषण किया।'

इन धाराओं के तहत दर्ज किया प्रकरण

इस मामले में पुलिस ने अपराध क्रमांक 198/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की विभिन्न धाराओं में प्रकरण दर्ज कर तुरंत जांच शुरू कर दी। घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक प्रफुल्ल ठाकुर, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक पंकज पटेल और एसडीओपी डॉ. भुवनेश्वरी पैंकरा के निर्देशन में आरोपी की तलाश तेज कर दी गई।

आरोपी को किया गिरफ्तार

जांच के दौरान पुलिस को विश्वसनीय सूचना मिली कि आरोपी अपने घर पहुंचा हुआ है। इस सूचना पर साइबर सेल की सहायता से पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए घर की घेराबंदी कर आरोपी को सफलतापूर्वक गिरफ्तार कर लिया। प्रारंभिक पूछताछ में आरोपी ने अपना अपराध स्वीकार कर लिया।

न्यायिक रिमांड पर जेल भेजा गया

आरोपी को 29 मई को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया। मामले की जांच जारी है।

पुलिस ने बताया कि- 'मामले की जांच अभी जारी है। इस कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक प्रवीण राजपूत के मार्गदर्शन में साइबर सेल प्रभारी उप निरीक्षक सी.पी. कंवर सहित पुलिस टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।'