राजस्थान के जालोर में तंत्र-मंत्र के नाम पर एक युव

तनाव से पीड़ित युवती को नशीला नींबू पानी पिलाकर तांत्रिक ने किया दुष्कर्म; ब्लैकमेल कर ऐंठे लाखों

तनाव से पीड़ित युवती को नशीला नींबू पानी पिलाकर तांत्रिक ने किया दुष्कर्म; ब्लैकमेल कर ऐंठे लाखों

राजस्थान से इंसानियत को शर्मसार कर देने वाला एक सनसनीखेज मामला गुरुवार को सामने आया है, जहां तंत्र-मंत्र और झाड़-फूंक के नाम पर एक युवती के साथ कथित तौर पर दुष्कर्म किया गया। इतना ही नहीं, आरोपी ने अश्लील तस्वीरों और वीडियो के जरिए युवती को ब्लैकमेल कर उससे नकदी और जेवरात भी हड़प लिए। मामले की गंभीरता को देखते हुए सिरोही पुलिस ने जीरो नंबर एफआईआर दर्ज कर जांच जालोर जिले के रामसीन थाने को सौंप दी है।

प्रतीकात्मक तस्वीर

मानसिक परेशानी का उठाया फायदा

पीड़िता ने पुलिस अधिकारियों को बताया कि वह लंबे समय से एंग्जायटी डिसऑर्डर और मानसिक तनाव से जूझ रही थी। परिवार ने इलाज के बावजूद राहत नहीं मिलने पर उसे जालोर जिले के सिणधरा निवासी एक कथित तांत्रिक के पास ले जाना शुरू किया।

आरोपी ने खुद को तंत्र-विद्या का जानकार बताते हुए युवती को पूरी तरह ठीक करने का दावा किया और धीरे-धीरे परिवार का विश्वास जीत लिया। इसके बाद वह पूजा-पाठ और तांत्रिक क्रियाओं के बहाने हर 15 दिन में युवती को बुलाने लगा।

नशीला पदार्थ पिलाकर किया दुष्कर्म

पीड़िता के अनुसार, करीब दो महीने पहले आरोपी उसके गुजरात स्थित घर पहुंचा। उसने विशेष पूजा का बहाना बनाकर युवती को एक कमरे में ले जाकर नींबू पानी में नशीला पदार्थ मिलाकर पिला दिया। आरोप है कि बेसुध होने के बाद आरोपी ने उसके साथ दुष्कर्म किया और इस दौरान अश्लील तस्वीरें एवं वीडियो भी बना लिए।

होश आने पर जब युवती को घटना का पता चला तो आरोपी ने तस्वीरें और वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल करने की धमकी दी। बदनामी के डर से युवती लंबे समय तक चुप रही और आरोपी के दबाव में आती चली गई।

प्रतीकात्मक तस्वीर

ब्लैकमेल कर वसूले पैसे और जेवर

पीड़िता ने आरोप लगाया कि आरोपी ने ब्लैकमेल कर उससे करीब 80 हजार रुपये नकद, एक सोने की चेन और लगभग 15 तोला चांदी ले ली। इतना ही नहीं, आरोपी उसे अलग-अलग जगहों पर ले जाकर लगातार मानसिक और शारीरिक शोषण करता रहा।

आखिरकार युवती ने हिम्मत जुटाई और सिरोही के पुलिस अधीक्षक पुष्पेंद्र सिंह राठौड़ से मिलकर न्याय की गुहार लगाई। एसपी के निर्देश पर तुरंत जीरो नंबर एफआईआर दर्ज की गई।

जालोर पुलिस कर रही जांच

प्रतीकात्मक तस्वीर

पुलिस अधिकारियों के अनुसार, घटना का मुख्य क्षेत्र जालोर जिले का रामसीन थाना क्षेत्र होने के कारण मामला वहां ट्रांसफर कर दिया गया है। फिलहाल जालोर police आरोपी की तलाश में जुटी हुई है और पूरे मामले की गहन जांच की जा रही है।