भागलपुर में शादी के कुछ ही समय बाद नवविवाहित जोड़े ने की आत्महत्या
Bhagalpur Newlywed Couple Suicide: कहलगांव थाना क्षेत्र के शिवकुमार पहाड़ मोहल्ले में 15 मई दोपहर करीब 3 बजे प्रेमी जोड़े ने शादी की। शादी के1 घंटे बाद 4 बजे नवविवाहित दंपती ने जहर खाकर सुसाइड कर लिया।
दोनों ने सुसाइड करने के पहले एक वीडियो रिकॉर्ड किया और फिर उस वीडियो को अपनी मां को भेजा। फिर जहर खा लिया। वीडियो देखते ही परिवार के सदस्य मौके पर पहुंचे।
वीडियो में मृतक बोला
जहर खाने के पहले मृतक ने वीडियो बनाते हुए कहा कि- 'सॉरी मम्मी-पापा, हम लोग एक गलत कदम उठाने जा रहे हैं। आप लोगों ने हमारी शादी नहीं करवाई, इसलिए हमारे पास कोई दूसरा रास्ता नहीं बचा। लड़की के घर वाले कहते थे कि अगर शादी करोगे तो जान से मार देंगे। इसलिए हम खुद मरने जा रहे हैं। हमसे हुई हर गलती के लिए माफ कर दीजिए...सॉरी।'
दोनों को हॉस्पिटल ले जाया गया
वीडियो देख परिवार के लोग मौके पर पहुंचे और दोनों को अनुमंडलीय हॉस्पिटल लेकर गए, जहां युवक को डॉक्टरों ने वहां से रेफर कर दिया। मायागंज में इलाज के दौरान डॉक्टरों ने लड़के को मृत घोषित कर दिया। वहीं युवती की हालत गंभीर बनी हुई है।
मृतक की पहचान
मृतक की पहचान सुभाष कुमार सिंह के बेटे लक्ष्मीकांत कुमार (20) के रूप में हुई, जो हमदंडा थाना क्षेत्र के अदलपुर का रहने वाला था। वहीं, युवती की पहचान कुलदीप मंडल की बेटी अमृता कुमारी (18) के रूप में हुई है, जो कि बांका के रजौन थाना क्षेत्र के जबरा गांव की रहने वाली है।
बता दें कि, अमृता अपने नाना नित्यानंद सिंह के घर अदलपुर में रह रही थी। इसी दौरान बीच दोनों की जान-पहचान हुई थी। फिर दोनों की दोस्ती हुई और दोस्ती प्यार में बदल गई।
शादी के लिए नहीं माना परिवार
परिवार के लोगों ने बताया कि- 'दोनों के बीच पिछले डेढ़ साल से अफेयर चल रहा था। फोन पर लगातार बातचीत हो रही थी। लड़की वाले इस शादी के लिए राजी नहीं थे, जिसके बाद शुक्रवार को दोनों ने शादी करने का फैसला किया।
लड़के ने लड़की को किराए के कमरे में बुलाया, जहां दोनों ने शादी की। लड़की के घर वालों को जब शादी की जानकारी मिली तो उन्होंने कहा कि मार देंगे। इसके बाद युवक जहर लाया और दोनों ने उसे खा लिया।'
मृतक युवक की प्रेमिका का बयान
हॉस्पिटल में भर्ती अमृता ने बताया कि- 'हम दोनों के बीच पिछले डेढ़ साल से प्रेम प्रसंग चल रहा था। फोन पर हमारी बातचीत होती थी। दोनों ने शादी करने का फैसला लिया।'
लड़के के पिता का बयान
पिता सुभाष सिंह ने बताया कि- 'हम कपड़े की फेरी का काम करते हैं। बेटे की मौत की जानकारी मिली, जिसके बाद हम यहां आए। चार महीने पहले से प्रेम प्रसंग की जानकारी थी, लेकिन यह नहीं पता था कि बेटा ऐसा कदम उठा लेगा। बेटा अगर शादी करके घर आ जाता तो हम उन्हें स्वीकार कर लेते, लेकिन हम उन्हें मरने नहीं देते।'
फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है।