झारखंड

डंडीला गांव में छठ घाट जमीन पर अवैध कब्जे का आरोप, ग्रामीणों ने सीओ को आवेदन देकर की जमीन मुक्त कराने की मांग

न्यूज़11 भारत

हुसैनाबाद/डेस्क:  पलामू जिला के हुसैनाबाद प्रखंड के डंडीला गांव के दर्जनों ग्रामीणों ने नदी किनारे स्थित छठ घाट की जमीन पर हो रहे अवैध कब्जे को लेकर प्रशासन से हस्तक्षेप की मांग की है. इस संबंध में ग्रामीणों ने अंचलाधिकारी हुसैनाबाद पंकज कुमार को आवेदन देकर बताया कि ग्राम डंडीला स्थित छठ घाट की जमीन खाता संख्या 325, प्लॉट संख्या 1144 और 1145, कुल रकबा 3.81 एकड़ है. नदी किनारे इस जमीन पर ग्रामीण कई वर्षों से छठ पूजा का पर्व मनाते आ रहे हैं.

ग्रामीणों का आरोप है कि गांव के ही व्यक्ति द्वारा नदी किनारे मिट्टी से भरकर छठ घाट पर अवैध रूप से कब्जा और उस पर जोत-कोड़ कर खेती किया जा रहा है.ग्रामीणों ने कहा कि इस विवाद से शांति भंग होने की संभावना है. उन्होंने प्रशासन से छठ घाट की जमीन को मुक्त कराने और मापी कराने की मांग की है ताकि श्रद्धालुओं को छठ पर्व के समय किसी प्रकार की परेशानी न हो. इस संबंध में अंचल अधिकारी हुसैनाबाद पंकज कुमार ने बताया कि आवेदन प्राप्त होने के बाद नोटिस किया गया है. उन्हें 16 अक्टूबर 2025 को अपराह्न 3 बजे उपस्थित होने के लिए बुलाया गया है.

यह भी पढ़ें: यूसिल की नरवा पहाड़ क्लब भवन में हुआ बम्बर रक्तदान, रक्तदान से  जुड़े संगीत ने मचाया धमाल, 231 यूनिट रक्तसंग्रह