राष्ट्रपति द्वारा धर्मेंद्र को मरणोपरांत पद्म विभू

पद्म पुरस्कार 2026: धर्मेंद्र को मरणोपरांत पद्म विभूषण, अवॉर्ड लेते वक्त भावुक हुईं हेमा मालिनी

पद्म पुरस्कार 2026: धर्मेंद्र को मरणोपरांत पद्म विभूषण, अवॉर्ड लेते वक्त भावुक हुईं हेमा मालिनी

राष्ट्रपति भवन के गणतंत्र मंडप में सोमवार को आयोजित पद्म पुरस्कार 2026 समारोह कई भावुक और यादगार पलों का गवाह बना। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने देश के प्रतिष्ठित नागरिक सम्मान विजेताओं को पद्म पुरस्कार प्रदान किए। इस दौरान उपराष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह समेत कई गणमान्य हस्तियां मौजूद रहीं।

समारोह का सबसे भावुक क्षण तब आया, जब हिंदी सिनेमा के दिग्गज अभिनेता धर्मेंद्र को मरणोपरांत पद्म विभूषण से सम्मानित किया गया। अभिनेता के निधन के बाद उनकी पत्नी और अभिनेत्री-सांसद हेमा मालिनी ने मंच पर पहुंचकर यह सम्मान ग्रहण किया। अवॉर्ड लेते समय हेमा मालिनी भावुक नजर आईं और पूरे हॉल में तालियों की गूंज सुनाई दी।

‘ही-मैन’ धर्मेंद्र को मिला देश का दूसरा सर्वोच्च नागरिक सम्मान

पद्म पुरस्कार की आधिकारिक वेबसाइट पर धर्मेंद्र को हिंदी फिल्म इंडस्ट्री के सबसे बहुमुखी और सफल अभिनेताओं में से एक बताया गया। उन्हें बॉलीवुड का ‘ही-मैन’ कहा जाता था। करीब 300 फिल्मों में अपने अभिनय से उन्होंने भारतीय सिनेमा पर अमिट छाप छोड़ी।

धर्मेंद्र को इससे पहले वर्ष 2012 में पद्म भूषण से सम्मानित किया गया था। नवंबर 2025 में उनके निधन के बाद यह पहला बड़ा राष्ट्रीय सम्मान है, जिसने उनके प्रशंसकों को भावुक कर दिया।

ममूटी और अलका याज्ञनिक को भी मिला सम्मान

पद्म अवार्ड्स

कला क्षेत्र में मशहूर मलयालम अभिनेता ममूटी, दिग्गज गायिका अलका याज्ञनिक और विज्ञापन जगत की जानी-मानी हस्ती पीयूष पांडेय को पद्म भूषण से सम्मानित किया गया। हालांकि ममूटी और अलका याज्ञनिक समारोह में शामिल नहीं हो सके। वहीं, दिवंगत पीयूष पांडेय की ओर से उनकी पत्नी नीता पांडेय ने पुरस्कार ग्रहण किया।

इसके अलावा अभिनेता आर. माधवन, प्रसेनजीत चटर्जी, सतीश शाह, मुरली मोहन और राजेंद्र प्रसाद को पद्मश्री से नवाजा गया। प्रसेनजीत चटर्जी ने समारोह में व्यक्तिगत रूप से उपस्थित होकर सम्मान लिया, जबकि कुछ अन्य कलाकार समारोह में मौजूद नहीं रहे।

131 हस्तियों को मिला पद्म सम्मान

पद्म पुरस्कार देश के उन नागरिकों को दिए जाते हैं जिन्होंने कला, साहित्य, विज्ञान, खेल, चिकित्सा, सामाजिक कार्य और लोकसेवा जैसे क्षेत्रों में उल्लेखनीय योगदान दिया हो। वर्ष 2026 में कुल पांच लोगों को पद्म विभूषण, 13 को पद्म भूषण और 113 हस्तियों को पद्मश्री सम्मान प्रदान किया गया।