केंद्र सरकार ने सोना-चांदी पर कस्टम ड्यूटी 6% से ब

सोना-चांदी खरीदना अब पड़ेगा महंगा! मोदी सरकार ने बढ़ाई इंपोर्ट ड्यूटी, जानिए कितना असर होगा

देश में सोना और चांदी खरीदने वालों के लिए बड़ा झटका सामने आया है। केंद्र सरकार ने सोना, चांदी और अन्य कीमती धातुओं पर कस्टम ड्यूटी बढ़ाने का फैसला किया है। सरकार के इस कदम के बाद अब इन धातुओं का आयात महंगा हो जाएगा, जिसका सीधा असर घरेलू बाजार में कीमतों पर पड़ सकता है।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने हाल ही में देशवासियों से एक साल तक सोना नहीं खरीदने की अपील की थी। इसके बाद सरकार ने तेजी से कदम उठाते हुए सोना-चांदी पर इंपोर्ट ड्यूटी बढ़ाने का ऐलान कर दिया।

कितनी बढ़ाई गई कस्टम ड्यूटी?

सरकार ने सोना और चांदी पर कुल आयात शुल्क 6 फीसदी से बढ़ाकर 15 फीसदी कर दिया है। इसमें 10 फीसदी बेसिक कस्टम ड्यूटी और 5 फीसदी सेस शामिल है।एग्रीकल्चर इंफ्रास्ट्रक्चर एंड डेवलपमेंट सेस जोड़ने के बाद कुल शुल्क 15 फीसदी तक पहुंच गया है। इस संबंध में केंद्र सरकार की ओर से आधिकारिक आदेश भी जारी कर दिया गया है।

सरकार ने क्यों लिया यह फैसला?

सरकार के इस फैसले को कई आर्थिक कारणों से जोड़कर देखा जा रहा है। माना जा रहा है कि सरकार सोने के बढ़ते आयात को कम करना चाहती है ताकि विदेशी मुद्रा भंडार पर दबाव घटाया जा सके।इसके साथ ही गिरते रुपये को संभालने और ट्रेड डेफिसिट नियंत्रित करने की कोशिश भी इस फैसले के पीछे मानी जा रही है। भारत दुनिया के सबसे बड़े गोल्ड कंज्यूमर देशों में शामिल है और बड़ी मात्रा में सोना आयात करता है।

आम लोगों और बाजार पर क्या असर पड़ेगा?

कस्टम ड्यूटी बढ़ने के बाद बाजार में सोना और चांदी की कीमतें बढ़ सकती हैं। इसका असर खासतौर पर शादी सीजन और निवेश के लिए गोल्ड खरीदने वाले लोगों पर दिखाई दे सकता है।ज्वेलरी कारोबार से जुड़े विशेषज्ञों का मानना है कि कीमतें बढ़ने पर मांग में कुछ कमी आ सकती है। वहीं कुछ अधिकारियों ने आशंका जताई है कि ज्यादा ड्यूटी के कारण सोने की तस्करी के मामले भी बढ़ सकते हैं।