लाल मिर्च से क्यों बेहतर है हरी मिर्च, क्या ये आपको लू से बचाती है? जानें यहां
हरी और लाल...दोनों तरह की मिर्च का इस्तेमाल भारतीय खाने में खूब किया जाता है, लेकिन हरी मिर्च को ज्यादा बेहतर माना जाता है और इसे गर्मियों में भी फायदेमंद मानते हैं. क्या वाकई हरी मिर्च, लाल मिर्च से ज्यादा बेहतर होती है और लू से बचा सकती है? चलिए जान लेते हैं इस बारे में डिटेल के साथ.
हरी मिर्च का इस्तेमाल लोग अचार से लेकर सब्जी के तड़का और चटनी में खूब करते हैं तो वहीं इसे कच्चा भी खाना पसंद किया जाता है. लाल मिर्च पाउडर का यूज डेली रूटीन में खाने में तीखापन बढ़ाने के लिए करते हैं तो वहीं इससे चटनी और तड़का भी तैयार करते हैं. ये दोनों ही मिर्च स्वाद में तीखी होती हैं.
घर में लाल मिर्च न हो तो लोग तीखेपन के लिए हरी मिर्च का यूज कर लेते हैं. उन्हें लगता है कि इसमें क्या ही फर्क है. कैसे हरी मिर्च लाल मिर्च से बेहतर है और ये भी जान लें कि क्या लू से बचने के लिए हरी मिर्च खाना फायदेमंद रहता है.
न्यूट्रिएंट्स की मात्रा में फर्क
हरी मिर्च फ्रेश होती है जबकि लाल मिर्च को सुखाकर तैयार किया जाता है, इसलिए इनके न्यूट्रिएंट्स की मात्रा में फर्क होता है. हरी मिर्च में विटामिन सी और कैप्साइसिन लाल मिर्च के मुकाबले ज्यादा मात्रा में पाया जाता है. पबमेड में दी गई जानकारी के मुताबिक मिस्र में मिर्च की किस्मों पर एक परीक्षण किया गया. इसमें पाया गया कि ताजी मिर्च में एस्कॉर्बिक एसिड की मात्रा ज्यादा होती है और सुखाने पर मिर्च अपना ज्यादातर विटामिन सी खो देती हैं.
हरी या लाल…कौन सी मिर्च ज्यादा फायदेमंद
बात करें हम हरी और लाल मिर्च में कौन सी मिर्च ज्यादा फायदेमंद है तो इसमें आपको अपनी जरूरत देखनी होगी. जैसे विटामिन सी के लिए जहां हरी मिर्च बेहतर रहेगी तो वहीं अगर शरीर को विटामिन ए की मात्रा चाहिए तो लाल मिर्च बेहतर रहती है.
मिर्च के न्यूट्रिएंट्स?
हेल्थ लाइन के मुताबिक, मिर्च में विटामिन सी, बी 6, विटामिन के1, पोटेशियम, कॉपर, विटामिन ए का बढ़िया सोर्स होती है. इसके अलावा इसमें ल्यूटिन, फेरुलिक एसिड, सिनापिक एसिड, कैप्साइसिन, वायोलेक्सैंथिन, कैप्सांथिन जैसे बायोएक्टिव प्लांट कंपाउंड भी पाए जाते हैं.
क्या होते हैं फायदे?
मिर्च के फायदों की बात करें तो इसमें सूजन रोधी प्रॉपर्टीज होती हैं. ये दर्द से राहत दिलाने से लेकर वेट को कंट्रोल करने तक में हेल्पफुल है. इसके अलावा ये इम्यूनिटी बूस्ट करती है.इसमें हाइपोग्लाइसेमिक प्रभाव भी होते हैं, जिससे ये हाई ब्लड शुगर कंट्रोल में हेल्पफुल है.
क्या लू से बचाएगी हरी मिर्च?
आपने अपने घर में भी ये बात सुनी होगी कि कच्ची हरी मिर्च खाने से लू से बचाव होता है. दरअसल पबमेड के मुताबिक, हरी मिर्च मुख्य रूप से अपने एक्टिव कंपाउंड कैप्साइसिन की वजह से आंतों के स्वास्थ्य को बढ़ावा देती है, जो माइक्रोबायोम मॉड्यूलेटर के रूप में काम करता है. कैप्साइसिन आंत के लिए हानिकारक बीमारियों को पैदा करने वाले घटकों या रेगाणुओं को खत्म करने में मदद करता है. इसी के साथ ये लाभकारी बैक्टीरिया (जैसे लैक्टोबैसिलस) को बढ़ाने में मदद करता है.