ज्यादा पानी वाला नारियल कैसे पहचानें? अपनाएं ये तरीके
Identify Coconut with More Water: गर्मियों के मौसम में नारियल पानी शरीर को ठंडक पहुंचाने और हाइड्रेट रखने का सबसे अच्छा प्राकृतिक विकल्प माना जाता है। बाजार में नारियल खरीदते समय अक्सर लोग उसके आकार को देखकर फैसला कर लेते हैं, लेकिन कई बार घर पहुंचने पर पता चलता है कि नारियल में पानी बहुत कम है या वह अंदर से सूख चुका है। ऐसे में कुछ आसान संकेतों की मदद से आप पानी से भरपूर और ताजा नारियल आसानी से चुन सकते हैं। आइए जानते हैं वेतरीके, जिनकी मदद से आप सही नारियल खरीद सकते हैं।
नारियल पानी फायदेमंद
नारियल पानी में प्राकृतिक इलेक्ट्रोलाइट्स, पोटैशियम और कई जरूरी पोषक तत्व पाए जाते हैं। यह शरीर में पानी की कमी को दूर करने के साथ-साथ थकान और गर्मी से राहत दिलाने में भी मदद करता है। यही कारण है कि गर्मी के दिनों में इसकी मांग काफी बढ़ जाती है। हालांकि सही नारियल का चयन करना भी उतना ही जरूरी है ताकि आपको पर्याप्त मात्रा में ताजा और मीठा पानी मिल सके।
नारियल को हिलाकर जांचें
अक्सर लोग नारियल खरीदते समय उसे कान के पास ले जाकर हिलाते हैं और पानी की आवाज सुनने की कोशिश करते हैं। माना जाता है कि ज्यादा आवाज का मतलब ज्यादा पानी होता है, लेकिन यह धारणा पूरी तरह सही नहीं है।
विशेषज्ञों के अनुसार, जिस नारियल में पानी पूरी तरह भरा होता है, उसमें हवा के लिए बहुत कम जगह बचती है। ऐसे में उसे हिलाने पर ज्यादा आवाज नहीं आती। वहीं अगर छप-छप की तेज आवाज सुनाई दे रही है, तो इसका मतलब हो सकता है कि पानी कम हो गया है और अंदर मलाई बनने लगी है।
आकार नहीं, वजन पर दें ध्यान
बड़ा नारियल देखकर उसे ज्यादा पानी वाला मान लेना सही नहीं है। कई बार आकार में बड़ा नारियल अंदर से हल्का और सूखा निकल सकता है।
नारियल खरीदते समय उसे हाथ में उठाकर देखें। यदि वह अपने आकार के मुकाबले ज्यादा भारी महसूस होता है, तो उसके अंदर पानी की मात्रा अधिक होगी। इसलिए हमेशा वजन और आकार का संतुलन देखकर ही चुनाव करें।
अंडाकार नारियल हो सकता है बेहतर
नारियल का आकार भी पानी की मात्रा का संकेत दे सकता है। बाजार में कुछ नारियल पूरी तरह गोल दिखाई देते हैं, जबकि कुछ हल्के लंबे या अंडाकार होते हैं।
आमतौर पर अंडाकार आकार वाले नारियल में पानी की मात्रा अधिक पाई जाती है। वहीं बहुत ज्यादा गोल नारियल में मलाई बनने लगती है। इसलिए यदि आपका उद्देश्य ज्यादा पानी प्राप्त करना है, तो थोड़ा लंबा आकार वाला नारियल चुनना बेहतर हो सकता है।
रंग से पहचानें ताजगी
नारियल का बाहरी रंग उसकी ताजगी के बारे में काफी कुछ बता सकता है। यदि नारियल का रंग पीला पड़ने लगा है या उस पर भूरापन दिखाई दे रहा है, तो वह पुराना हो सकता है।
ताजा नारियल आमतौर पर चमकीले हरे रंग का होता है। ऐसे नारियल में पानी अधिक और स्वाद भी बेहतर मिलने की संभावना रहती है। खरीदारी के समय रंग पर जरूर ध्यान दें।
नरियल के ऊपरी हिस्से पर दें ध्यान
नारियल खरीदते समय उसके ऊपरी हिस्से यानी मुहाने को ध्यान से देखें। यदि वहां नमी, रिसाव या किसी तरह का दाग दिखाई दे रहा है, तो उसे खरीदने से बचें।
गीला या नम मुहाना इस बात का संकेत हो सकता है कि नारियल में कहीं से रिसाव हो रहा है या उसमें फंगस लगने की शुरुआत हो चुकी है। हमेशा साफ, सूखा और मजबूत दिखाई देने वाला नारियल ही चुनें।