झारखंड

सरायकेला पुलिस की बड़ी कारवाई, बैंक मित्र से लूटकांड के आरोपी को भेजा जेल

संतोष कुमार/न्यूज़11 भारत

सरायकेला/डेस्क: सरायकेला जिला के  ईचागढ़ थाना क्षेत्र के बासाहातु के पास 29 सितंबर को बैंक मित्र से हुई लूट की घटना का पुलिस ने उद्भेदन कर लिया है. इस मामले में पुलिस ने छह अभियुक्तों को गिरफ्तार कर उन्हें सलाखों के पीछे पहुंचा दिया है. इसकी जानकारी चांडिल के अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी अरबिंद कुमार बिन्हा से बुधवार को पत्रकार सम्मेलन में दी. कार्यालय कक्ष में आयोजित संवाददाता सम्मेलन में उन्होंने बताया कि इस मामले में पुलिस ने कुल छह अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है. अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी ने बताया कि गिरफ्तार अभियुक्तों के पास से पुलिस ने एक देशी पिस्तौल, चार जिंदा गोली, आठ गोबाइल फोन, एक लेपटॉप और लूटे गए राशि में से 11900 रुपया बरामद किया है.

गिरफ्तार अभियुक्तों का अपराधिक इतिहास

चांडिल एसडीपीओ ने बताया कि गिरफ्तार अभियुक्तों में ईचागढ़ थाना क्षेत्र के हुंडी निवासी 28 वर्षीय अमित कुमार महतो, रुगड़ी टोला उलीडीह निवासी 27 वर्षीय कमलेश महतो, चौका थाना क्षेत्र के डुंगरीडीह निवासी 26 वर्षीय ज्योतिलाल महतो उर्फ ज्योति, चांडिल थाना क्षेत्र के घोड़ानेगी डैम कॉलोनी निवासी 28 वर्षीय राजेश नामता, नीमडीह थाना क्षेत्र के आदरडीह निवासी 30 वर्षीय संजय दास और नीमडीह थाना के बोहरीडीह निवासी 19 वर्षीय अभिराम कुम्हार शामिल है.

इनमें तीन अपराधकर्मियों का पुराना आपराधिक इतिहास रहा है. जिसमें नीमडीह थाना क्षेत्र के आदरडीह निवासी संजय दास का चांडिल थाना में तीन और आरआईटी थाना में उक मामला दर्ज है. वहीं घोड़ानेगी डैम कॉलोनी के रहने वाले राजेश नामता का तिरुलडीह थाना में दो मामला दर्ज है. चौका थाना क्षेत्र के डुंगरीडीह निवासी ज्योतिलाल महतो उर्फ ज्योति का रांची जिले के सोनाहातु थाना में एक मामला दर्ज है.

एसपी ने गठित की थी विशेष टीम

उन्होंने बताया कि ईचागढ़ थाना क्षेत्र के आगसिया निवासी फालगुनी गोप बैंक मित्र का काम करते है. वे बैंक ऑफ इंडिया चौका शाखा से 29 सितंबर की शाम को तीन लाख रुपया निकालकर आगसिया लौट रहते थे. इसी क्रम में ग्राम बासाहातु के पास अज्ञात मोटर साईकिल सवार अपराधकर्मियों ने उनके मोटर साईकिल को धक्का मारकर गिरा दिया और उनके सहयोगी दुर्गा उरांव के सिर पर वारकर तीन लाख रुपया लूटकर फरार हो गए.

इस मामले पर जिला पुलिस अधीक्षक के निर्देशानुसार एक छापामारी दल का गठन किया गया था. जिसमें थाना प्रभारी ईचागढ़ पुअनि बिक्रमादित्य पांडेय, पुअनि हीरालाल कुमार, पुअनि विश्वजीत तिवारी, ईचागढ़ थाना सशस्त्र बल के जवान शामिल थे. इसके बाद पुलिस टीम ने अनुसंधान के क्रम में तकनीकि सहायता एवं मानवीय सूचना के आधार पर सभी अपराधकर्मियों को गिरफ्तार किया.

यह भी पढ़ें:  तमाड़ में आत्मनिर्भर भारत को लेकर भाजपा कार्यकर्ताओं की संगोष्ठी