दुनियाभर में 12वां अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस उत्साहप

International Yoga Day 2026: अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस आज, जानिए 21 जून को क्यों मनाते हैं योग?

अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस आज, जानिए 21 जून को क्यों मनाते हैं योग?

International Yoga Day 2026: आज देश-दुनिया में 12वां अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस उत्साहपूर्वक मनाया जा रहा है। योग न सिर्फ शारीरिक और मानसिक स्वास्थ्य को स्वस्थ बनाए रखता है,  बल्कि वैश्विक कल्याण, शांति और समरसता को भी बढ़ावा देता है। 

बता दें कि, योग भारत की हजारों साल पुरानी परंपरा का हिस्सा है। योग करने से डिप्रेशन, स्ट्रेस का खतरा कम होता है। अब लोग इसे बच्चे से बूढ़े तक हर कोई अपने बेहतर हेल्थ के लिए और मेंटल स्ट्रेस को कम करने के लिए योग को अपना सकते हैं।   21 जून को मनाया जाता है अंतरराष्ट्रीय योग दिवस 

21 जून को हर साल पूरी दुनिया में अंतरराष्ट्रीय योग दिवस मनाया जाता है। ऐसे में आइए जानते हैं कि दुनियाभर में आज के दिन योग दिवस क्यों मनाया जाता है ? 

क्या है इस बार की थीम?

अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस 2026 की इस साल की थीम "Yoga for Healthy Ageing" (स्वस्थ आयु के लिए योग या स्वस्थ वृद्धावस्था के लिए योग) है।

यह थीम बढ़ती उम्र के साथ शारीरिक, मानसिक और भावनात्मक स्वास्थ्य को बेहतर बनाने तथा एक सक्रिय व आत्मनिर्भर जीवन जीने में योग के महत्व को उजागर करती है।

कैसे हुई अंतरराष्ट्रीय योग दिवस की शुरुआत?

योग को वैश्विक स्तर पर पहचान दिलाने के लिए PM नरेंद्र मोदी ने 27 सितंबर 2014 को संयुक्त राष्ट्र महासभा में अपने ऐतिहासिक संबोधन के दौरान एक विशेष दिन योग के नाम करने का प्रस्ताव रखा। 

उन्होंने योग को भारत की प्राचीन परंपरा बताते हुए कहा कि - 'यह मन और शरीर, विचार और कर्म, व्यक्ति और प्रकृति के बीच सामंजस्य स्थापित करने का अद्भुत माध्यम है। प्रधानमंत्री के इस प्रस्ताव को विश्व के अनेक देशों का भरपूर समर्थन मिला। 

21 जून को अंतरराष्ट्रीय योग दिवस किया घोषित

11 दिसंबर 2014 को संयुक्त राष्ट्र महासभा ने प्रस्ताव संख्या 69/131 को सर्वसम्मति से स्वीकार करते हुए 21 जून को अंतरराष्ट्रीय योग दिवस घोषित कर दिया। इस प्रस्ताव को रिकॉर्ड 175 सदस्य देशों का समर्थन प्राप्त हुआ, जो संयुक्त राष्ट्र के इतिहास में सबसे तेजी से स्वीकृत प्रस्तावों में से एक है।वर्ष 2015 से हर साल 21 जून को दुनिया भर में बड़े उत्साह और व्यापक स्तर पर अंतरराष्ट्रीय योग दिवस मनाया जा रहा है।

21 जून को क्यों मनाया जाता है योग दिवस?

21 जून की तारीख योग दिवस के लिए विशेष रूप से इसलिए चुनी गई क्योंकि यह उत्तरी गोलार्ध में वर्ष का सबसे लंबा दिन (समर सॉल्स्टिस) होता है। इस दिन को कई प्राचीन संस्कृतियों में रोशनी, ऊर्जा, संतुलन और नई शुरुआत का प्रतीक माना जाता है। 

भारतीय परंपरा के अनुसार, 21 जून के बाद सूर्य की दक्षिणायन यात्रा शुरू होती है। यह समय आध्यात्मिक साधना, ध्यान, मन की शांति और आत्म-चिंतन के लिए अत्यंत अनुकूल माना जाता है। इसी प्राकृतिक और आध्यात्मिक महत्व को ध्यान में रखते हुए संयुक्त राष्ट्र ने 21 जून को अंतरराष्ट्रीय योग दिवस घोषित किया।