पर्पल लाइन में खराबी से बेंगलुरु मेट्रो रुकी, यात्री परेशान, 5 घंटे बंद रही
बेंगलुरु मेट्रो की पर्पल लाइन में तकनीकी खराबी के बाद कई यात्री घर तक जाने के लिए ट्रकों का इस्तेमाल करते दिखे। सोशल मीडिया पर ऐसे कई वीडियो वायरल हो रहे है। यात्री ट्रक, कैब और ऑटो से घर पहुंचे। मेट्रो अधिकारियों के अनुसार, शाम 6 बजे क्यूब्बन पार्क मेट्रो स्टेशन पर पर्पल लाइन की एक ट्रेन में तकनीकी खराबी आई, जिसकी वजह से पूरी पर्पल लाइन को बंद करना पड़ा।
हजारों यात्री स्टेशन पर फंसे
पीक आवर्स के दौरान मेट्रो बंद होने से स्टेशनों पर यात्रियों की लंबी लाइनें लग गईं। इसकी वजह से हजारों यात्री स्टेशन पर फंस गए। मेट्रो करीब 5 घंटे बंद रही। बुधवार सुबह 5 बजे शुरू हुई। बता दे बेंगलुरु के टेक प्रोफेशनल्स के लिए पर्पल लाइन मेट्रो की सबसे जरूरी लाइन है। बेंगलुरु में लगभग 25 लाख IT प्रोफेशनल्स काम करते हैं, जो शहर की कुल आबादी का करीब 20% हैं। इस विशाल वर्कफोर्स के लिए सिल्क बोर्ड और आउटर रिंग रोड इलाकों के भारी ट्रैफिक से बचने का मेट्रो सबसे भरोसेमंद साधन है।
ये लाइन सबसे अहम
यह लाइन इसलिए सबसे अहम है क्योंकि यह सीधे शहर के सबसे बड़े IT कॉरिडोर व्हाइटफील्ड और ITPL को सेंट्रल बिजनेस डिस्ट्रिक्ट (एमजी रोड, मजेस्टिक, विधान सौध) से जोड़ती है। इस रूट पर पड़ने वाले प्रमुख स्टेशन्स के जरिए रोजाना लाखों टेक कर्मचारी अपने ऑफिस पहुंचते हैं। यहां टीसीएस, इन्फोसिस, आईबीएम, कॉग्निजेंट, विप्रो, और ओरैकल जैसी बड़ी कंपनियों के ऑफिस मौजूद हैं।