स्लीवलेस ड्रेस पहनी, बिना हिजाब परफॉर्म किया, ईरानी सिंगर को 74 कोड़े की सजा
बिना हिजाब परफॉर्म किया तो 74 कोड़ो की सजा मिली। ईरान में एक सिंगर को बिना हिजाब और स्लीवलेस कपड़ों में परफॉर्मेंस देने के लिए 74 कोड़े मारने की सजा सुनाई गई है। 29 साल की परस्तू अहमदी को एक लाइव स्ट्रीम परफॉर्मेंस के लिए यह सजा मिली।
8 लोगों को 74 कोड़ों की सजा
ईरान की मशहूर सिंगर परस्तू अहमदी और उनके साथ काम करने वाले 8 लोगों को ऑनलाइन कॉन्सर्ट के लिए सजा सुनाई गई है। उन पर 2 साल तक देश छोड़ने और 2 साल तक किसी भी आर्टिस्टिक एक्टिविटीज पर रोक लगा दी गई है। यह सजा ईरान के कोम प्रांत की कोर्ट ने यूट्यूब पर लाइव किए गए एक कॉन्सर्ट के मामले में सुनाई। अदालत ने आर्टिस्ट पर अश्लील कंटेट पब्लिश करने और सार्वजनिक शालीनता का उल्लंघन करने का आरोप लगाया।
स्लीवलेस ड्रेस पहनना पड़ा भारी
मामला दिसंबर 2024 का है। उस वक्त 29 साल की परस्तू अहमदी ने बिना हिजाब पहने यूट्यूब पर एक लाइव कॉन्सर्ट किया था। उन्होंने ईरान का लोकप्रिय देशभक्ति गीत 'अज खूने जवानाने वतन' गाया था। इस दौरान वह बिना हिजाब और स्लीवलेस ड्रेस पहने हुई थीं। कॉन्सर्ट का वीडियो वायरल हो गया। यूट्यूब पर इसे लाखों लोगों ने देखा। वीडियो जारी होने के बाद ईरानी अधिकारियों ने परस्तू और कई संगीतकारों को कुछ समय के लिए हिरासत में लिया था। बाद में रिहा कर दिया गया, लेकिन वीडियो अपलोड करने के मामले में कानूनी कार्रवाई जारी रही।
महिलाओं पर प्रतिबंध ये चीजें
ईरान में महिलाओं पर सामाजिक प्रतिबंध हैं। कानून के मुताबिक वे सार्वजनिक जगह पर अकेले गाना नहीं गा सकतीं और बिना हिजाब लोगों के सामने नहीं आ सकतीं। परस्तू अहमदी ने इन नियमों का विरोध किया। वे पहली बार 2022 में हिजाब विरोधी प्रदर्शनों के दौरान चर्चा में आई। उन पर इन प्रदर्शनों के समर्थन में गाना गाने का आरोप लगा। इसके बाद सुरक्षा एजेंसियों ने उनसे पूछताछ की और उनके घर की तलाशी ली।