महाराष्ट्र के परभणी जिले के एक मंदिर में छत गिरने

महाराष्ट्र हादसा: कीर्तन के बीच मातम में बदली श्रद्धा, मंदिर हॉल की छत गिरने से मची चीख-पुकार,40 दबे

महाराष्ट्र के परभणी जिले में शनिवार को एक दर्दनाक हादसा हो गया, जब यशवाड़ी देवस्थान स्थित हनुमान जी के प्रसिद्ध मारुति मंदिर के हॉल की छत अचानक भरभराकर गिर गई। हादसे के समय मंदिर परिसर में बड़ी संख्या में श्रद्धालु मौजूद थे, जिससे मौके पर अफरा-तफरी और चीख-पुकार मच गई। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार इस दुर्घटना में करीब 30 से 40 श्रद्धालु घायल हुए हैं, जबकि कुछ लोगों के मलबे में दबने की आशंका भी जताई जा रही है।

हादसे के बाद लोगों में भगदड़

बताया जा रहा है कि शनिवार होने के कारण मंदिर में विशेष धार्मिक आयोजन चल रहा था। श्रद्धालु कीर्तन में शामिल होने और महाप्रसाद ग्रहण करने के लिए बड़ी संख्या में मंदिर पहुंचे थे। इसी दौरान मंदिर के हॉल की छत अचानक ढह गई और वहां मौजूद लोग इसकी चपेट में आ गए। हादसे के बाद लोगों में भगदड़ जैसी स्थिति बन गई।

बचाव कार्य शुरू किया

स्थानीय लोगों ने तुरंत राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया और मलबे में फंसे लोगों को बाहर निकालने का प्रयास किया। सूचना मिलते ही पुलिस, प्रशासन और आपदा राहत दल मौके पर पहुंच गए। बचावकर्मी लगातार मलबा हटाने के कार्य में जुटे हुए हैं और घायलों को नजदीकी अस्पतालों में भर्ती कराया जा रहा है।

पूरे इलाके में चिंता और शोक का माहौल

हादसे में कुछ लोगों की मौत होने की भी खबर सामने आ रही है, हालांकि प्रशासन की ओर से अभी तक इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है। अधिकारियों का कहना है कि राहत और बचाव अभियान पूरा होने के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।

घटना के बाद जिला प्रशासन ने क्षेत्र को सुरक्षा घेरे में ले लिया है और मंदिर परिसर में लोगों की आवाजाही सीमित कर दी गई है। साथ ही छत गिरने के कारणों की जांच के आदेश भी दिए गए हैं। प्रशासन का कहना है कि घायलों के बेहतर इलाज की व्यवस्था की जा रही है और घटना की विस्तृत जांच के बाद आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल पूरे इलाके में चिंता और शोक का माहौल है।