झारखंड में गिरी बिजली, राजस्थान में आंधी बारिश का अलर्ट, कई राज्यों में बढ़ा तापमान
मानसून 15 दिन में 19 राज्यों तक पहुंच गया है, लेकिन 8 जून से तेलंगाना में अटका हुआ है। 11 दिन हो गए हैं, यह आगे नहीं बढ़ रहा है। वहीं, UP और राजस्थान समेत 8 राज्यों में प्री-मानसून के बावजूद तापमान 40 डिग्री सेल्सियस से ऊपर बना हुआ है। बिहार के वैशाली में बिजली गिरने से 5 लोगों की मौत हो गई। इनमें से 3 मौतें वैशाली जिले में हुईं, जबकि नवादा और जमुई में एक-एक व्यक्ति की जान गई। नेपाल में बारिश के कारण किशनगंज में बाढ़ का खतरा बढ़ गया है।
8 लोगों की गई जान
झारखंड में पिछले 24 घंटे में बिजली गिरने से 8 लोगों की जान चली गई है। मृतकों में 2 महिलाएं और 2 साल का बच्चा भी शामिल हैं। सबसे ज्यादा 3 मौतें हजारीबाग में हुईं। राजस्थान के 12 जिलों में आंधी-बारिश का अलर्ट जारी किया। MP के राजगढ़ में शुक्रवार को बिजली गिरने से काका-भतीजे की मौत हो गई।
मानसूनी हवाएं तेज
मध्य प्रदेश, UP, बिहार, झारखंड, राजस्थान, गुजरात, महाराष्ट्र और तेलंगाना के कई शहरों में पारा 40°C से ज्यादा रहा। देश में सबसे ज्यादा पारा उत्तर प्रदेश के बांदा में 44.2°C दर्ज किया गया है। मौसम विभाग के अनुसार, जेट स्ट्रीम का मौजूदा पैटर्न कमजोर होने पर मानसूनी हवाएं तेज होंगी। अगले 4-5 दिनों में मानसून के महाराष्ट्र, कर्नाटक, CG और अन्य हिस्सों में आगे बढ़ने की परिस्थितियां बन सकती हैं।
MP के कई जिलों में बारिश
इस बार मध्य प्रदेश में दक्षिण-पश्चिम मानसून 8 से 10 दिन लेट हो सकता है। IMD ने प्रदेश में 25 जून तक मानसून की एंट्री का अनुमान जताया है। इससे पहले प्री-मानसून की एक्टिविटी जारी रहेगी। शनिवार को भोपाल-इंदौर समेत 38 जिलों में आंधी-बारिश का अलर्ट जारी किया है। मौसम विभाग के अनुसार, राज्य में सामान्यतः 15 जून के आसपास मानसून की एंट्री हो जाती है, लेकिन इस बार 20 जून तक मानसून का कोई संकेत नहीं मिला है।