राहुल गांधी ने शुरू किया ‘छात्रों की गूंज’ नामक हस्ताक्षर अभियान
लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने ‘छात्रों की गूंज’ नाम से देशव्यापी हस्ताक्षर अभियान शुरू किया। उन्होंने कहा कि यह अभियान पेपर लीक, परीक्षा में गड़बड़ियां, महंगी शिक्षा और बेरोजगारी जैसे मुद्दों को सरकार तक पहुंचाने का मंच बनेगा। राहुल गांधी ने छात्रों से अभियान से जुड़ने, अपने सुझाव देने और याचिका पर हस्ताक्षर करने की अपील की।
अभियान बनेगा युवाओं की आवाज
राहुल ने X पोस्ट में अभियान का लिंक शेयर किया। लिखा कि जिन छात्रों के सपने पेपर लीक, परीक्षा संबंधी समस्याओं या बढ़ती फीस की वजह से प्रभावित हुए हैं, उनके लिए यह अभियान एक आवाज बनेगा। उन्होंने कहा कि ज्यादा से ज्यादा छात्र इसमें शामिल होंगे तो उनकी मांगें मजबूती से सरकार तक पहुंचेंगी।
‘छात्रों की गूंज’
राहुल ने कहा- कोटा में आयोजित ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम को देशभर के छात्रों का जबरदस्त समर्थन मिला। लाखों छात्रों ने शिक्षा व्यवस्था पर उनकी प्रेजेंटेशन देखी और अपने विचार साझा किए। शिक्षा का लगातार बढ़ता खर्च देश के लाखों परिवारों के लिए बड़ी समस्या बन गया है। लाखों परिवार अपने बच्चों को NEET जैसी परीक्षाओं की तैयारी कराने में भारी रकम खर्च कर रहे हैं। यह स्थिति चिंता का विषय है और इस पर चर्चा होनी चाहिए। शिक्षा, रोजगार और परीक्षा प्रणाली से जुड़े मुद्दे किसी एक राजनीतिक दल के नहीं, बल्कि पूरे देश के मुद्दे हैं। इसलिए युवाओं को खुलकर अपने अनुभव और सुझाव सामने रखने चाहिए।
सिस्टम के जरिए करोड़ो खर्च
इधर, कांग्रेस सांसद प्रियंका गांधी ने दावा किया कि हर साल NEET परीक्षा देने वाले 22 लाख छात्र और उनके परिवार से सिस्टम के जरिए ₹1.32 लाख करोड़ खर्च कराए जाते हैं। यह राशि देश के पूरे शिक्षा बजट ₹1.40 लाख करोड़ के लगभग बराबर है। प्रियंका गांधी ने X पोस्ट में ये भी लिखा- मैं एक बात और जोड़ना चाहती हूं कि भारत सरकार ने अपने पसंदीदा कारोबारियों के जो लोन माफ किए, वे 16 लाख करोड़ रुपए हैं।