गुजरात के वडोदरा में एक लग्जरी स्लीपर बस और ट्रक क

गुजरात में भीषण सड़क हादसा: 6 की मौत, 31 घायल, बांसवाड़ा से सूरत जा रही बस ट्रक से टकराई

गुजरात के वडोदरा जिले में बुधवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे में 6 लोगों की मौत हो गई, जबकि 31 यात्री घायल हो गए। मृतकों में एक 9 वर्षीय बच्चा भी शामिल है। हादसा कोटांबी स्टेडियम के पास उस समय हुआ, जब राजस्थान के बांसवाड़ा से सूरत जा रही एक लग्जरी स्लीपर बस सड़क किनारे खड़े ट्रक से जा टकराई।

कई यात्री उसमें फंस गए

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, बालाजी ट्रैवल्स की बस में बड़ी संख्या में यात्री सवार थे। सुबह के समय तेज रफ्तार बस अचानक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खड़े ट्रक से भिड़ गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बस का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और कई यात्री उसमें फंस गए।

डोदरा फायर ब्रिगेड की टीमें मौके पर पहुंचीं

हादसे की सूचना मिलते ही SDRF, NDRF और वडोदरा फायर ब्रिगेड की टीमें मौके पर पहुंचीं। राहत एवं बचाव कार्य शुरू कर बस में फंसे यात्रियों को बाहर निकाला गया। घायलों को तत्काल वडोदरा के एसएसजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां कई की हालत गंभीर बताई जा रही है।

दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी

हादसे के बाद घटनास्थल पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया और राष्ट्रीय राजमार्ग पर लंबा जाम लग गया। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर यातायात को नियंत्रित किया और दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है।

गंभीर सवाल खड़े कर दिए

गौरतलब है कि गुजरात में हाल के दिनों में सड़क हादसों की कई बड़ी घटनाएं सामने आई हैं। इससे पहले 2 जून को सूरत जिले के बारडोली के पास दो बसों की आमने-सामने टक्कर में 7 यात्रियों की मौत हो गई थी, जबकि 10 से अधिक लोग घायल हुए थे। उस हादसे में एक बस पलटने के बाद आग की चपेट में आ गई थी।

लगातार हो रहे सड़क हादसों ने एक बार फिर सड़क सुरक्षा और यातायात नियमों के पालन को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।