बलूचिस्तान में रेलवे ट्रैक के पास आत्मघाती धमाके म

बलूचिस्तान में रेलवे ट्रैक के पास आत्मघाती हमला, 30 मौतें, कई डिब्बे पटरी से उतरे

पाकिस्तान के बलूचिस्तान प्रांत में रविवार को बड़ा आतंकी हमला हुआ। क्वेटा शहर के चमन फाटक इलाके में रेलवे ट्रैक के पास हुए आत्मघाती धमाके की चपेट में जाफर एक्सप्रेस आ गई। अधिकारियों के मुताबिक इस हमले में 30 लोगों की मौत हुई है, जबकि 82 लोग घायल बताए जा रहे हैं।धमाका इतना जोरदार था कि जाफर एक्सप्रेस के कई डिब्बे पटरी से उतर गए। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई और रेलवे ट्रैक के आसपास आग लग गई। सोशल मीडिया पर घटना से जुड़े वीडियो तेजी से वायरल हो रहे हैं।

क्वेटा कैंट की ओर जा रही थी ट्रेन

मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक जाफर एक्सप्रेस क्वेटा कैंट की ओर जा रही थी। तभी रेलवे ट्रैक के पास विस्फोट हुआ। धमाके की तीव्रता इतनी अधिक थी कि आसपास की इमारतों के शीशे भी टूट गए।घटना के तुरंत बाद पुलिस, फायर ब्रिगेड, रेस्क्यू टीम और सुरक्षा बल मौके पर पहुंचे। घायलों को नजदीकी अस्पतालों में भर्ती कराया गया है।

सुरक्षा एजेंसियों ने शुरू की जांच

बलूचिस्तान सरकार के गृह मामलों के विशेष सहायक बाबर यूसुफजई ने कहा कि पूरे मामले की जांच की जा रही है। सुरक्षा एजेंसियों को हाई अलर्ट पर रखा गया है और घटनास्थल को घेर लिया गया है।फिलहाल किसी संगठन ने हमले की जिम्मेदारी नहीं ली है। हालांकि शुरुआती जांच में इसे आतंकवादी हमला माना जा रहा है।

पहले भी निशाने पर रही है जाफर एक्सप्रेस

जाफर एक्सप्रेस पाकिस्तान रेलवे की प्रमुख लंबी दूरी की ट्रेनों में शामिल है। यह ट्रेन बलूचिस्तान के संवेदनशील इलाकों से होकर गुजरती है, जहां लंबे समय से अलगाववादी गतिविधियां चल रही हैं।पिछले साल भी इस ट्रेन को निशाना बनाया गया था। तब बलूच लिबरेशन आर्मी (BLA) ने ट्रेन को हाईजैक करने और कई यात्रियों को बंधक बनाने का दावा किया था।

क्या है बलूच लिबरेशन आर्मी (BLA)

Baloch Liberation Army बलूचिस्तान में सक्रिय एक अलगाववादी संगठन है। यह संगठन बलूचिस्तान को पाकिस्तान से अलग करने की मांग करता है। पाकिस्तान सरकार ने 2007 में इसे आतंकी संगठन घोषित किया था।रिपोर्ट्स के मुताबिक BLA अक्सर रेलवे ट्रैक, सुरक्षा बलों और सरकारी ठिकानों को निशाना बनाता रहा है। संगठन का दावा है कि बलूचिस्तान के संसाधनों पर स्थानीय लोगों का अधिकार होना चाहिए।