दिल्ली के साकेत में एक पांच मंजिला इमारत गिरने से

दिल्ली के साकेत में इमारत ढहने से 1 की मौत, रेस्क्यू जारी

राजधानी दिल्ली के साकेत इलाके में शनिवार शाम एक बड़ा हादसा हुआ, जब पांच मंजिला रिहायशी इमारत अचानक ढह गई। इस दर्दनाक घटना में एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि अब तक 12 लोगों को मलबे से सुरक्षित बाहर निकाला जा चुका है। राहत और बचाव अभियान रविवार सुबह तक जारी रहा।

शाम करीब 7 बजे अचानक गिरी इमारत

यह हादसा साकेत क्षेत्र में उस समय हुआ जब इमारत में कई लोग मौजूद थे। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, बिल्डिंग अचानक तेज आवाज के साथ ढह गई और कुछ ही सेकंड में पूरा ढांचा मलबे में बदल गया।घटना की सूचना मिलते ही दिल्ली फायर सर्विस (DFS) की चार गाड़ियां और प्रशासनिक टीम मौके पर पहुंच गईं। इलाके को तुरंत घेरकर रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया गया।

12 लोगों को मलबे से निकाला गया

अधिकारियों के मुताबिक अब तक 12 लोगों को मलबे से सुरक्षित बाहर निकाला गया है, जबकि एक व्यक्ति की मौत की पुष्टि हुई है। कई लोगों के अभी भी फंसे होने की आशंका जताई जा रही है।राहत और बचाव दल लगातार मलबा हटाने और सर्च ऑपरेशन में जुटा हुआ है ताकि किसी भी बचे हुए व्यक्ति को सुरक्षित निकाला जा सके।

बिल्डिंग गिरने के कारणों की जांच जारी

अभी तक इमारत के गिरने के कारणों का पता नहीं चल पाया है। प्रशासन ने तकनीकी जांच के आदेश दिए हैं ताकि यह स्पष्ट किया जा सके कि ढांचा कमजोर था, निर्माण में लापरवाही हुई या कोई अन्य कारण जिम्मेदार है।

पहले भी हुए हादसे 

  • जुलाई 2025: वेलकम इलाके में चार मंजिला इमारत गिरने से 6 लोगों की मौत

  • अप्रैल 2025: मुस्तफाबाद में इमारत ढहने से 11 लोगों की मौत

इन घटनाओं ने एक बार फिर दिल्ली में पुरानी और कमजोर इमारतों की सुरक्षा पर सवाल खड़े कर दिए हैं