यूपी में आंधी-बारिश से अबतक 111 मौतें, देश के कई राज्यों में रेड अलर्ट!, मौसम विभाग ने जारी की एडवाइडरी
देशभर में मौसम का मिजाज बेहद खतरनाक बना हुआ है। एक तरफ उत्तर प्रदेश में आंधी और बारिश ने भारी तबाही मचाई है, तो दूसरी तरफ कई राज्यों में भीषण गर्मी और हीटवेव लोगों की मुश्किलें बढ़ा रही है। यूपी में पिछले दो दिनों में आंधी-तूफान और बारिश से मरने वालों की संख्या बढ़कर 111 पहुंच गई है।
सबसे ज्यादा 21 मौतें प्रयागराज और 17 मौतें भदोही में दर्ज की गईं। वहीं देश के कई हिस्सों में तापमान 45 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंच गया है।
महाराष्ट्र बना सबसे गर्म राज्य
महाराष्ट्र के अकोला में गुरुवार को देश का सबसे अधिक तापमान 45.9°C रिकॉर्ड किया गया। इसके अलावा जलगांव, वर्धा और अमरावती में भी पारा 45°C से ऊपर पहुंच गया।वहीं राजस्थान के फलोदी में 45.2°C तापमान दर्ज हुआ। जैसलमेर और बाड़मेर में भी भीषण गर्मी ने लोगों को परेशान किया। जयपुर में दिनभर लू चलने के बाद शाम को बारिश होने से थोड़ी राहत मिली।
यूपी और मध्य प्रदेश में भी हालात गंभीर
उत्तरप्रदेश के बांदा में तापमान 45.2°C रिकॉर्ड किया गया, जो राज्य में सबसे ज्यादा रहा। दूसरी ओर मध्यप्रदेश के खंडवा में 44.5°C तापमान दर्ज हुआ।मध्य प्रदेश के कई शहरों में दोपहर के समय सड़कों पर सन्नाटा देखने को मिला। मौसम विभाग ने लोगों को दोपहर 12 बजे से 3 बजे तक घरों में रहने की सलाह दी है।
अगले दो दिन कैसा रहेगा मौसम?
मौसम विभाग के मुताबिक 16 मई को पंजाब, हरियाणा, दिल्ली, राजस्थान और पश्चिमी यूपी में तेज हवाओं और बारिश की संभावना है। पहाड़ी राज्यों जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में ओलावृष्टि का भी अलर्ट जारी किया गया है।17 मई को राजस्थान, दिल्ली, हरियाणा, मध्य प्रदेश, महाराष्ट्र और यूपी में हीटवेव की स्थिति और गंभीर हो सकती है। कई राज्यों में बिजली गिरने और तेज हवाओं की चेतावनी भी जारी की गई है।
कई राज्यों में बारिश और आंधी का अलर्ट
बिहार, झारखंड पश्चिम बंगाल और पूर्वोत्तर राज्यों में बारिश के साथ बिजली गिरने की आशंका जताई गई है।वहीं असम, मेघालय, केरल, तमिलनाडु और कर्नाटक में भारी बारिश की संभावना है। छत्तीसगढ़ और झारखंड में भी अगले कुछ दिनों तक मौसम खराब रहने का अनुमान है।
मौसम विभाग की लोगों से अपील
विशेषज्ञों ने लोगों को धूप में निकलने से बचने, पर्याप्त पानी पीने और जरूरी सावधानी बरतने की सलाह दी है। आंधी और बिजली गिरने की आशंका वाले इलाकों में लोगों को खुले मैदान और पेड़ों के नीचे खड़े न रहने की चेतावनी दी गई है।देशभर में मौसम के लगातार बदलते हालात को देखते हुए प्रशासन भी अलर्ट मोड पर है।