बिहार और मध्य प्रदेश एटीएस ने संयुक्त रूप से मधुबन

पाकिस्तानी हैंडलर से कथित संपर्क के आरोप में मौलाना इजहारुल हक गिरफ्तार, बिहार-MP ATS की संयुक्त कार्रवाई

पाकिस्तानी हैंडलर से कथित संपर्क के आरोप में मौलाना इजहारुल हक गिरफ्तार, बिहार-MP ATS की संयुक्त कार्रवाई

बिहार एटीएस और मध्य प्रदेश एटीएस ने संयुक्त अभियान चलाते हुए बिहार के मधुबनी जिले से एक मौलाना को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार व्यक्ति की पहचान 56 वर्षीय इजहारुल हक के रूप में हुई है। वह मूल रूप से पंडौल थाना क्षेत्र के नौ टोल सरिसवपाही गांव का निवासी है और वर्तमान में मधुबनी शहर के उर्दू मोहल्ला स्थित मदरसा नूरे मोहम्मदिया में रह रहा था।

जानकारी के अनुसार, मध्य प्रदेश एटीएस ने 12 जून 2026 को भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 152 तथा गैरकानूनी गतिविधियां (निवारण) अधिनियम (UAPA) की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया था। इसी जांच के सिलसिले में एमपी एटीएस ने बिहार एटीएस से संपर्क किया, जिसके बाद दोनों एजेंसियों ने संयुक्त कार्रवाई को अंजाम दिया।

तकनीकी साक्ष्यों में मिले संदिग्ध संपर्क के संकेत

प्रारंभिक जांच और उपलब्ध तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर जांच एजेंसियों को इजहारुल हक के कथित तौर पर एक पाकिस्तानी हैंडलर के संपर्क में होने के संकेत मिले हैं। छापेमारी के दौरान उसके पास से दो एंड्रॉयड मोबाइल फोन बरामद किए गए हैं।

जांच एजेंसियां मोबाइल फोन और अन्य डिजिटल उपकरणों से प्राप्त डेटा का विश्लेषण कर रही हैं। अधिकारियों का कहना है कि इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्यों की जांच के बाद ही मामले के अन्य पहलुओं पर स्पष्ट जानकारी सामने आएगी।

डिजिटल प्लेटफॉर्म के जरिए संपर्क का दावा

पुलिस सूत्रों के मुताबिक, इजहारुल हक ने उत्तर प्रदेश के देवबंद स्थित एक धार्मिक शिक्षण संस्थान से शिक्षा प्राप्त की थी। जांच के दौरान यह भी जानकारी सामने आई है कि वह कथित रूप से डिजिटल माध्यमों, विशेषकर वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग प्लेटफॉर्म के जरिए अपने विदेशी संपर्कों से संवाद करता था।

सूत्रों का यह भी दावा है कि वह देश के विभिन्न राज्यों, जिनमें कर्नाटक और महाराष्ट्र शामिल हैं, की यात्राएं करता रहा है। हालांकि इन जानकारियों की आधिकारिक पुष्टि जांच पूरी होने के बाद ही हो सकेगी।

प्रतीकात्मक तस्वीर

कई पहलुओं की जांच में जुटी एजेंसियां

जांच एजेंसियां इजहारुल हक की गतिविधियों, उसके वित्तीय लेन-देन, यात्रा रिकॉर्ड और संपर्कों की पड़ताल कर रही हैं। सूत्रों के अनुसार, वह नियमित अंतराल पर बिहार से बाहर जाता था और उसके पास वैध पासपोर्ट भी था।

गिरफ्तारी के बाद एमपी एटीएस ने आरोपी को मधुबनी की अदालत में पेश किया और ट्रांजिट रिमांड प्राप्त करने के बाद उसे आगे की पूछताछ के लिए भोपाल ले गई। मामले में जांच अभी जारी है और एजेंसियां सभी तथ्यों की विस्तार से पड़ताल कर रही हैं। - नेशन मिरर ब्यूरो हेड सुमित आर चावला की रिपोर्ट