अगर आपका SBI में कोई जरूरी काम है, तो आज ही निपटा लें, क्योंकि अगले 6 दिन बैंक सेवाएं बुरी तरह प्रभावित
देश के सबसे बड़े सरकारी बैंक State Bank of India (SBI) के ग्राहकों को अपने जरूरी बैंकिंग काम आज ही निपटा लेने चाहिए, क्योंकि 23 मई से 28 मई 2026 तक बैंक शाखाओं का कामकाज लगातार प्रभावित हो सकता है। इस दौरान वीकेंड की छुट्टियां, कर्मचारियों की प्रस्तावित हड़ताल और बकरीद की छुट्टियों के कारण कई राज्यों में बैंक बंद रहेंगे।
24 मई को रविवार होने के कारण सभी बैंक बंद
23 मई को महीने का चौथा शनिवार और 24 मई को रविवार होने के कारण सभी बैंक बंद रहेंगे। इसके बाद 25 और 26 मई को ऑल इंडिया स्टेट बैंक स्टाफ फेडरेशन (AISBISF) ने अपनी विभिन्न मांगों को लेकर दो दिन की देशव्यापी हड़ताल का ऐलान किया है। इस हड़ताल का असर बैंकिंग सेवाओं पर साफ दिखाई दे सकता है। खासतौर पर चेक क्लियरिंग, कैश जमा-निकासी, पासबुक अपडेट और काउंटर सेवाएं प्रभावित हो सकती हैं।
कई राज्यों में 27 मई को बैंक बंद रहेंगे
इसके अलावा 27 और 28 मई को बकरीद (ईद-उल-अजहा) की छुट्टियां भी अलग-अलग राज्यों में घोषित की गई हैं। कई राज्यों में 27 मई को बैंक बंद रहेंगे, जबकि कुछ क्षेत्रों में 28 मई को भी अवकाश रहेगा। जम्मू-कश्मीर में दोनों दिन बैंक बंद रहने की संभावना है।
हड़ताल के पीछे कई अहम मांगें
SBI कर्मचारियों की हड़ताल के पीछे कई अहम मांगें हैं। इनमें खाली पदों पर भर्ती, पर्याप्त स्टाफ नियुक्ति, आउटसोर्सिंग पर रोक, बेहतर मेडिकल सुविधाएं, पेंशन सुधार, इंटर-सर्कल ट्रांसफर की सुविधा और HRMS से जुड़ी तकनीकी समस्याओं का समाधान शामिल है। कर्मचारी संगठन का कहना है कि ये मांगें कर्मचारियों के अधिकारों और ग्राहकों की बेहतर सेवा दोनों के लिए जरूरी हैं।
हालांकि बैंक शाखाएं बंद रह सकती हैं, लेकिन इंटरनेट बैंकिंग, मोबाइल बैंकिंग, ATM और UPI जैसी डिजिटल सेवाएं सामान्य रूप से चालू रहेंगी। ग्राहकों को सलाह दी गई है कि वे नकदी निकासी, चेक जमा, ड्राफ्ट और अन्य जरूरी शाखा संबंधी काम पहले ही पूरा कर लें, ताकि बाद में किसी परेशानी का सामना न करना पड़े।