विशाखापट्ट्नम स्टील प्लांट में पिघला हुआ स्टील लीक

विशाखापट्ट्नम स्टील प्लांट में पिघला हुआ लोहा मजदूरों पर गिरा, 8 की मौत, कई घायल

विशाखापट्ट्नम स्टील प्लांट हादसा

विशाखापट्ट्नम स्टील प्लांट में बड़ा हादसा हुआ। पिघला हुआ स्टील लीक होने से 8 लोगों की मौत हो गई। हादसे में कई मजदूर घायल हुए हैं। यह हादसा अत्यधिक तापमान पर पिघले हुए इस्पात से भरी एक करछुल में विस्फोट के कारण हुआ। हादसे के बाद अफरा-तफरी मच गई और कर्मचारी जान बचाने के लिए भागे।

मजदूरों पर गिरा पिघला हुआ लोहा

प्लांट में करीब 1600°C तापमान वाला पिघला हुआ लोहा मजदूरों पर गिर गया। जानकारी के मुताबिक, क्रेन की मदद से एक बड़े बकेट में पिघला हुआ लोहा एक स्थान से दूसरे स्थान पर ले जाया जा रहा था। इसी दौरान बकेट का संतुलन बिगड़ गया और उसमें भरा लोहा नीचे काम कर रहे कर्मचारियों पर गिर गया। हादसा राष्ट्रीय इस्पात निगम लिमिटेड के स्टील प्लांट में हुआ। घटना के बाद प्लांट परिसर में अफरा-तफरी मच गई। राहत और बचाव दल ने तत्काल मौके पर पहुंचकर घायलों को बाहर निकाला और अस्पताल पहुंचाया गया। 

CM ने जताया दुख

अधिकारियों का कहना है कि फिलहाल हादसे के कारणों की जांच की जा रही है। पता लगाया जा रहा है कि कही दुर्घटना के कारण तकनीकी खराबी या सुरक्षा मानकों में किसी तरह की चूक तो नहीं हुई। मुख्यमंत्री N चंद्रबाबू नायडू ने हादसे पर दुख जताया। वहीं गृह मंत्री वंगालापुडी अनिता ने विशाखापट्टनम के कलेक्टर और सिटी पुलिस कमिश्नर से फोन पर बात कर घटना की जानकारी ली। उन्होंने अधिकारियों को घायलों को बेहतर इलाज दिलाने और रेस्क्यू ऑपरेशन तेज करने के आदेश दिए।