अन्य

अलीराजपुर: सड़क हादसे में बुझ गए तीन चिराग, शादी से लौटते समय हुआ हादसा

मध्य प्रदेश के आलीराजपुर जिले में एक दर्दनाक सड़क हादसे में तीन नाबालिग दोस्तों की मौत हो गई। यह हादसा उस समय हुआ जब तीनों शादी समारोह से लौट रहे थे और घर से महज 100 मीटर दूर एक वाहन ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी।

शादी से लौटते समय हुआ हादसा

जानकारी के अनुसार, यह घटना बोरी गांव की है। तीनों नाबालिग शनिवार को एक बाइक से शादी समारोह में शामिल होने गए थे। लौटते समय अचानक एक तेज रफ्तार वाहन ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी, जिससे मौके पर ही तीनों की मौत हो गई।

तीनों दोस्त नाबालिग

मृतकों की पहचान अनिल पिता अभय सिंह (14 वर्ष, निवासी देवधा, थाना बाग), रोशन पिता रमेश (17 वर्ष, निवासी बड़ी बीड़, थाना बोरी) और सावन पिता धनराज (14 वर्ष, निवासी रतनपुरा, थाना बोरी) के रूप में हुई है।

परिवार में पसरा मातम

हादसे के बाद तीनों के शवों को बोरी स्वास्थ्य केंद्र लाया गया। घटना के बाद पूरे क्षेत्र में शोक का माहौल है। किसी भी अप्रिय स्थिति से बचने के लिए प्रशासन ने मौके पर पुलिस बल तैनात कर दिया है।