एक साल में खेले जाएंगे 1788 डोमेस्टिक क्रिकेट मैच, BCCI ने किया शेड्यूल जारी
Indian Cricket Domestic Season 2026-27: BCCI ने घरेलू क्रिकेट सीजन 2026-27 का पूरा कार्यक्रम जारी कर दिया है। आगामी सीजन में पुरुष और महिला वर्ग को मिलाकर कुल 1788 मुकाबले खेले जाएंगे। नए घरेलू सत्र की शुरुआत 23 अगस्त 2026 से दलीप ट्रॉफी के साथ होगी।
दलीप ट्रॉफी से होगी शुरुआत
घरेलू सीजन का पहला टूर्नामेंट दलीप ट्रॉफी होगा। इसके बाद 1 अक्टूबर से ईरानी कप खेला जाएगा, जिसमें रणजी ट्रॉफी की मौजूदा चैंपियन जम्मू-कश्मीर टीम का मुकाबला रेस्ट ऑफ इंडिया से होगा।
रणजी ट्रॉफी दो चरणों में होगीआयोजित
भारत की सबसे लोकप्रिय घरेलू प्रतियोगिता Ranji Trophy इस बार भी दो चरणों में खेली जाएगी। पहला चरण 11 अक्टूबर से 5 नवंबर 2026 तक होगा, जबकि दूसरा चरण 17 जनवरी 2027 से शुरू होगा। नॉकआउट मुकाबले 9 फरवरी से 3 मार्च 2027 के बीच खेले जाएंगे।
इस बार रणजी ट्रॉफी में 32 टीमें एलीट ग्रुप में और 6 टीमें प्लेट ग्रुप में शामिल रहेंगी।
सैयद मुश्ताक अली और विजय हजारे ट्रॉफी
Syed Mushtaq Ali Trophy की शुरुआत 14 नवंबर 2026 से होगी। इसके नॉकआउट मुकाबले 30 नवंबर से 6 दिसंबर तक आयोजित किए जाएंगे।
वहीं Vijay Hazare Trophy 14 दिसंबर 2026 से शुरू होगी। इसके नॉकआउट मुकाबले 2 जनवरी से 8 जनवरी 2027 तक खेले जाएंगे।
महिला डोमेस्टिक क्रिकेट सीजन की शुरुआत
महिला डोमेस्टिक क्रिकेट सीजन की शुरुआत सीनियर महिला T20 ट्रॉफी से होगी। इसके बाद इंटर-जोनल और वनडे प्रतियोगिताएं दिसंबर 2026 से फरवरी 2027 तक आयोजित की जाएंगी। अंडर-एज टूर्नामेंट नवंबर से जनवरी तक खेले जाएंगे।
C. K. Nayudu Trophy में नया बदलाव
इस सीजन में BCCI ने एक नया मुकाबला भी जोड़ा है। अब C. K. Nayudu Trophy की विजेता टीम रेस्ट ऑफ इंडिया के खिलाफ मैच खेलेगी। इसका उद्देश्य युवा खिलाड़ियों को बेहतर मुकाबला और अनुभव देना है।
कुछ टूर्नामेंट अब T20 फॉर्मेट में खेले जाएंगे
BCCI ने घरेलू क्रिकेट को आधुनिक क्रिकेट के अनुरूप बनाने के लिए पुरुष अंडर-23 स्टेट ए ट्रॉफी और विज्जी ट्रॉफी को वनडे से बदलकर T20 फॉर्मेट में आयोजित करने का फैसला लिया है।
मौसम को देखते हुए शेड्यूल में बदलाव
जनवरी के मौसम को ध्यान में रखते हुए अंडर-19 कूच बिहार ट्रॉफी (एलीट ग्रुप) के मुकाबले बेंगलुरु और मैसूर में आयोजित किए जाएंगे। वहीं अंडर-16 विजय मर्चेंट ट्रॉफी को नवंबर से जनवरी के बीच शिफ्ट किया गया है, ताकि खिलाड़ियों को बेहतर तैयारी का समय मिल सके।