Shooter Jaspal Rana Passes Away: 49 साल की उम्र में भारतीय शूटर जसपाल राणा का निधन
Shooter Jaspal Rana Passes Away: भारतीय निशानेबाज और मशहूर कोच जसपाल राणा का 49 साल की उम्र में दिल्ली के मैक्स अस्पताल में निधन हो गया। जसपाल राणा युवा निशानेबाजों को कोचिंग देने के साथ-साथ ओलंपिक पदक विजेता मनु भाकर के भी कोच रह चुके थे।
कैसे हुई मौत?
जसपाल राणा जर्मनी से वापस लौट रहे थे। फ्लाइट के दौरान उनके सीने में तेज दर्द उठा। दिल्ली में विमान लैंड होने के बाद उन्हें तुरंत साकेत स्थित मैक्स हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया।
डॉक्टरों के अनुसार उन्हें हार्ट अटैक आया था। अस्पताल में इलाज के दौरान आज उन्होंने अंतिम सांस ली।
निशानेबाज से कोच तक का सफर
जसपाल राणा की निशानेबाजी की शुरुआत उनके पिता नारायण सिंह राणा की वजह से हुई, जो Indo-Tibetan Border Police (ITBP) में तैनात थे। मात्र 10 साल की उम्र से ही उन्हें बंदूकों की जानकारी मिल गई। उन्होंने पिस्टल और राइफल दोनों से शुरुआत की, लेकिन बाद में पिस्टल को अपना मुख्य हथियार बनाया।
11-12 साल की उम्र में ही वे नेशनल स्तर की प्रतियोगिताओं में हिस्सा लेने लगे थे। 1988 में अहमदाबाद में हुए 31वें नेशनल शूटिंग चैंपियनशिप में उन्होंने सिल्वर मेडल जीता। इसके बाद उन्होंने देश के लिए कई अंतरराष्ट्रीय पदक हासिल किए।
1994 का वो यादगार विश्व चैंपियनशिप गोल्ड
जसपाल राणा की सबसे चर्चित उपलब्धि 1994 की वर्ल्ड शूटिंग चैंपियनशिप की है। उस समय उनके घुटने में फोड़ा हो गया था और डॉक्टरों ने सर्जरी की सलाह दी थी। लेकिन जसपाल ऑपरेशन कराने को तैयार नहीं थे। अस्पताल से भागने की योजना बनाई ही थी कि फोड़ा फूट गया। दर्द के बावजूद उन्होंने अपनी जींस फाड़कर हाफ पैंट बनाई और अगले दिन इवेंट में उतर गए।
जूनियर वर्ग में विश्व रिकॉर्ड स्कोर करते हुए उन्होंने अपना पहला अंतरराष्ट्रीय स्वर्ण पदक जीता। यह उपलब्धि आज भी निशानेबाजी जगत में प्रेरणा के रूप में जानी जाती है। जसपाल राणा न सिर्फ एक बेहतरीन शूटर थे, बल्कि एक समर्पित कोच भी। उनके निधन से भारतीय निशानेबाजी समुदाय में शोक की लहर है।