K.S.Bharat ने अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से लिया संन्यास!
KS Bharat Retirement: भारतीय विकेटकीपर-बल्लेबाज केएस भरत ने टेस्ट डेब्यू के 3 साल बाद इंटरनेशनल क्रिकेट से संन्यास लेने का ऐलान कर दिया। 32 वर्षीय क्रिकेटर ने सोशल मीडिया पर पोस्ट कर इसकी जानकारी दी।
संन्यास किया ऐलान
भरत ने संन्यास का ऐलान करते हुए उन्होंने कहा कि- “एक गर्वित दिल और कृतज्ञता की भावना के साथ, मैं अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से अपने संन्यास की घोषणा करता हूं। देश के लिए खेलना मेरे जीवन का सबसे बड़ा सम्मान रहा है।”
उन्होंने अपने पोस्ट में राहुल द्रविड़, विराट कोहली और रोहित शर्मा का विशेष आभार जताया। भरत ने कहा कि - 'भारत के लिए टेस्ट क्रिकेट खेलना हर संघर्ष और बलिदान के लायक था।'
भविष्य की योजनाओं को लेकर K.S.भरत ने कहा-
‘BCCI और टेस्ट क्रिकेट के साथ मेरा सफर भले ही समाप्त हो गया हो, लेकिन खेल में मेरी यात्रा जारी रहेगी। मैं खेलना जारी रखूंगा, योगदान देता रहूंगा और अगली पीढ़ी के युवा खिलाड़ियों का मार्गदर्शन, मेंटरशिप और कोचिंग करके क्रिकेट को वापस अपना योगदान दूंगा।’
उन्होंने अंत में लिखा कि- 'मैं भारत से प्यार करता हूं और मैं क्रिकेट से प्यार करता हूं। हर चीज के लिए धन्यवाद।'
अंतरराष्ट्रीय करियर
K.S.भरत ने 2023 से 2024 के बीच भारत के लिए 7 टेस्ट मैच खेले। इस दौरान उन्होंने 20.09 की औसत से 221 रन बनाए, जिनमें उच्चतम स्कोर 44 रन रहा। वे 2023 वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप (WTC) फाइनल में मुख्य विकेटकीपर के रूप में खेल चुके थे। ऋषभ पंत की चोट के कारण उन्हें यह मौका मिला था। उनका आखिरी अंतरराष्ट्रीय मैच फरवरी 2024 में इंग्लैंड के खिलाफ विशाखापट्टनम में खेला गया था।
घरेलू क्रिकेट में शानदार रिकॉर्ड
अंतरराष्ट्रीय करियर भले ही छोटा रहा हो, लेकिन घरेलू क्रिकेट में भरत का प्रदर्शन उल्लेखनीय रहा। वे रणजी ट्रॉफी के इतिहास में तिहरा शतक जड़ने वाले पहले विकेटकीपर बने। आंध्र प्रदेश के लिए खेलते हुए उन्होंने लंबे समय तक स्थिरता और रनों का अंबार लगाया, जिसके दम पर उन्हें भारतीय टीम तक पहुंच मिली।