रांची सदर अस्पताल: Parasev-650 की टैबलेट में फफूंद

मरीजों के लिए दवा बन रही जहर का जरिया! रांची सदर अस्पताल में मचा हड़कंप

न्यूज़11 भारत रांची/डेस्क: रांची के सदर अस्पताल में एक बड़ी लापरवाही सामने आई है. अस्पताल की फार्मेसी से मरीजों को दी जा रही Parasev-650 टैबलेट की स्ट्रिप में फफूंदी पाए जाने के बाद हड़कंप मच गया है. यह टैबलेट बुखार और दर्द के इलाज में आमतौर पर इस्तेमाल की जाती है. गंभीर चूक, मरीजों की सेहत से खिलवाड़ जैसे ही शिकायत डिप्टी सुपरिटेंडेंट डॉ. बिमलेश सिंह तक पहुंची, उन्होंने तुरंत ड्रग इंस्पेक्टर को मौके पर बुलाया. जांच के दौरान यह स्पष्ट हुआ कि टैबलेट की स्ट्रिप में फंगस मौजूद था, जिससे मरीजों की जान को गंभीर खतरा हो सकता था. तुरंत रोका गया वितरण, जांच के आदेश स्थिति की गंभीरता को देखते हुए, अस्पताल प्रशासन ने फार्मेसी से दवा का वितरण तत्काल प्रभाव से रोक दिया है. औषधि नियंत्रण विभाग और ड्रग इंस्पेक्टर की टीम ने मामले की हाई-लेवल जांच शुरू कर दी है.

कफ सिरप में भी मिला था ज़हरीला रसायन, बढ़ी चिंता हाल ही में एक कफ सिरप में भी जहरीले रसायन मिलने की घटना सामने आई थी. इस नई घटना ने दवा कंपनियों की गुणवत्ता पर और भी गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं. आम लोगों के बीच डर का माहौल है और लापरवाह दवा कंपनियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग जोर पकड़ रही है. सिविल सर्जन की सख्ती सदर अस्पताल के सिविल सर्जन डॉ. प्रभात कुमार ने बताया कि, डॉ. बिमलेश सिंह को जैसे ही सूचना मिली, उन्होंने तुरंत कार्रवाई की. हमने सभी संबंधित कर्मियों को निर्देश दे दिए हैं कि ऐसी कोई भी संदिग्ध दवा मरीजों तक न पहुंचे. साथ ही हर बैच नंबर की सख्ती से जांच की जा रही है. ये भी पढ़ें- सोलर पावर घोटाला को लेकर दाखिल जनहित याचिका पर HC में सुनवाई, संबंधित अधिकारियों को जवाब दाखिल करने का निर्देश