Former Indian cricketer Sairaj Bahutule has been a

BCCI ने साईराज बहुतुले को भारत का नया स्पिन गेंदबाजी कोच चुना

BCCI ने साईराज बहुतुले को भारत का नया स्पिन गेंदबाजी कोच चुना

BCCI Appoints Spin Bowling Coach: भारतीय टीम को नए कोच मिले। भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) भारतीय पुरुष सीनियर टीम के लिए स्पिन गेंदबाजी के लिए पूर्व भारतीय क्रिकेटर साईराज बहुतुले को कोच के रुप में चुना है। BCCI ने 2 जून मंगलवार को इसका ऐलान किया।

भारतीय मेन्स सीनियर टीम को मिले नए कोच

BCCI ने नए स्पिन गेंदबाज कोच के तौर पर  पूर्व भारतीय क्रिकेटर साईराज बहुतुले को चुनते हुए बयान जारी किया। उन्होंने कहा कि- ‘बहुतुले घरेलू और फ्रेंचाइजी क्रिकेट में स्पिन गेंदबाजों को तैयार करने और निखारने के लिए जाने जाते हैं। उनका अनुभव भारतीय टीम को फायदा पहुंचाएगा।’

पूर्व क्रिकेटर साईराज ने जताई खुशी

बोर्ड के अनाउंसमेंट के बाद दिग्गज पूर्व क्रिकेटर साईराज बहुतुले ने खुशी जाहिर करते हुए कहा- 'भारतीय पुरुष टीम का स्पिन गेंदबाजी कोच नियुक्त होना मेरे लिए बहुत बड़ा सम्मान है।'

साईराज बहुतुले कौन हैं?

साईराज बहुतुले भारतीय क्रिकेट के एक अनुभवी ऑलराउंडर और सम्मानित कोच हैं। उन्होंने भारत के लिए 2 टेस्ट और 8 वनडे मैच खेले। उनका प्रथम श्रेणी करियर लगभग दो दशक तक चला, जिसमें उन्होंने शानदार प्रदर्शन करते हुए 188 मैचों में 630 विकेट चटकाए और 6176 रन भी बनाए। घरेलू क्रिकेट में उन्होंने मुंबई, महाराष्ट्र और विदर्भ का प्रतिनिधित्व किया।

कार एक्सीडेंट में टूटा था पैर  

1990 में साईराज बहुतुले एक भयानक सड़क दुर्घटना का शिकार हुए। इस हादसे में प्रसिद्ध गजल गायक जगजीत सिंह और चित्रा सिंह के इकलौते बेटे विवेक सिंह की मौत हो गई थी। बहुतुले भी उस समय कार में मौजूद थे और वो गंभीर रूप से घायल हो गए। उनकी जांघ की हड्डी (फीमर) टूट गई और दाहिने पैर में भी गंभीर फ्रैक्चर हुआ। डॉक्टरों को उनके पैर में स्टील की रॉड लगानी पड़ी। इस दर्दनाक हादसे के बावजूद उन्होंने हार नहीं मानी और स्वस्थ होने के बाद क्रिकेट में सफल वापसी की।

कोचिंग करियर

क्रिकेट खेलना छोड़ा फिर कोचिंग में नई पहचान बनाई। उन्होंने विदर्भ, केरल, गुजरात और बंगाल की राज्य टीमों के मुख्य कोच के रूप में काम किया। IPL में वे राजस्थान रॉयल्स और पंजाब किंग्स के स्पिन गेंदबाजी कोच रह चुके हैं। घरेलू और फ्रेंचाइजी क्रिकेट दोनों में उनका योगदान काफी महत्वपूर्ण माना जाता है।

U-19 और NCA के साथ अनुभव

2022 में उन्होंने U-19 विश्व कप जीतने वाली भारतीय टीम के गेंदबाजी कोच की भूमिका निभाई। 2024 U-19 विश्व कप में भी वे कोचिंग स्टाफ का हिस्सा रहे। भारत ए टीम और सीनियर पुरुष टीम के कई विदेशी दौरों पर कोच के तौर पर काम किया। 2021 से 2024 तक BCCI की नेशनल क्रिकेट अकादमी (NCA) (अब सेंटर ऑफ एक्सीलेंस) के कोचिंग सेटअप में सक्रिय रहे।