भोपाल में छात्र-छात्राओं ने ABVP के बैनर तले MLB क

भोपाल में सरकार के खिलाफ सड़कों पर उतरी ABVP, कॉलेज के पास शराब दुकान हटाने की मांग

भोपाल में छात्राओं की सुरक्षा और शैक्षणिक माहौल को लेकर अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (ABVP) ने मंगलवार को जोरदार प्रदर्शन किया। बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं पॉलिटेक्निक चौराहे पर एकत्र हुए और महारानी लक्ष्मी बाई (MLB) गर्ल्स कॉलेज के समीप संचालित शराब दुकान को तत्काल हटाने की मांग उठाई। प्रदर्शन के दौरान छात्रों ने सरकार और प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी करते हुए कहा कि शिक्षा के मंदिरों के आसपास शराब की दुकानों का संचालन छात्राओं की सुरक्षा और शिक्षा दोनों के लिए खतरा है।

शिक्षा के मंदिर के पास शराब की दुकान नहीं चलेगी

प्रदर्शन में शामिल छात्र-छात्राएं हाथों में बैनर और पोस्टर लेकर पहुंचे थे। पोस्टरों पर "शिक्षा के मंदिर के पास शराब की दुकान नहीं चलेगी" और "जहां ज्ञान की ज्योति जलती है, वहां शराब की दुकान नहीं चलती" जैसे संदेश लिखे गए थे। कुछ छात्र पुलिस बैरिकेडिंग पर चढ़कर भी अपना विरोध दर्ज कराते नजर आए।

मौके पर 200 से अधिक पुलिसकर्मी

स्थिति को देखते हुए प्रशासन ने भारी पुलिस बल तैनात किया। मौके पर 200 से अधिक पुलिसकर्मी, वरिष्ठ अधिकारी, राइट कंट्रोल व्हीकल और वाटर कैनन मौजूद रहे ताकि कानून-व्यवस्था बनी रहे।

प्रदर्शन के दौरान भोपाल कलेक्टर प्रियंक मिश्रा स्वयं छात्रों से मिलने पहुंचे। उन्होंने कहा कि शराब दुकान से जुड़े विवाद की जानकारी उन्हें पदभार संभालते ही मिल गई थी। छात्रों द्वारा पहले दिए गए ज्ञापनों और शिकायतों के आधार पर 3 जून को संबंधित पक्ष को नियमानुसार नोटिस जारी किया गया था। हालांकि, मामला उच्च न्यायालय पहुंच गया, जिसके बाद कोर्ट ने जिला स्तरीय समिति को नियमों के आधार पर निर्णय लेने के निर्देश दिए हैं।

उन्हें केवल आश्वासन नहीं, बल्कि निर्णय चाहिए

छात्रों ने कलेक्टर के सामने क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था की कमी और असामाजिक गतिविधियों पर चिंता जताई। उनका कहना था कि फ्लाईओवर के आसपास अक्सर नशेड़ी मौजूद रहते हैं, जिससे छात्राओं को असुरक्षा महसूस होती है। ABVP ने चेतावनी दी कि यदि जल्द ठोस कार्रवाई नहीं हुई तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा तथा अनिश्चितकालीन धरना भी दिया जा सकता है। छात्रों ने स्पष्ट कहा कि अब उन्हें केवल आश्वासन नहीं, बल्कि निर्णय चाहिए।