मानसून सिर पर,लेकिन भोपाल में अधूरे इंतजाम: ज्योति टॉकीज के पास एक साल से धंसी सड़क बनी मुसीबत
मानसून की दस्तक के साथ ही राजधानी भोपाल में जलभराव और यातायात की समस्याएं फिर सामने आने लगी हैं। शहर के सबसे व्यस्त इलाकों में शामिल एमपी नगर स्थित ज्योति टॉकीज चौराहे के पास धंसी सड़क आज भी पूरी तरह दुरुस्त नहीं हो सकी है। पिछले साल जुलाई में धंसी इस सड़क की मरम्मत का काम अब तक जारी है, जिससे रोजाना लाखों लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
नई तकनीक से तैयार करने का निर्णय लिया
बोर्ड ऑफिस चौराहे से एमपी नगर चौराहे के बीच स्थित यह सड़क 17 जुलाई 2025 को अचानक धंस गई थी। जांच में सामने आया कि सड़क पुराने नाले के ऊपर बनी हुई थी। शुरुआती मरम्मत के बाद सड़क का दूसरा हिस्सा भी कमजोर पड़ने लगा, जिसके बाद लोक निर्माण विभाग (PWD) ने पूरे ढांचे को नई तकनीक से तैयार करने का निर्णय लिया। इसके लिए प्री-कास्ट तकनीक के जरिए रेलवे अंडरपास जैसी संरचना बनाने की योजना बनाई गई, लेकिन दो बार टेंडर प्रक्रिया विफल रही। तीसरी बार ठेका मिलने के बाद निर्माण कार्य शुरू हो सका।
पांच लाख लोग इस अव्यवस्था से प्रभावित हो रहे
पिछले चार महीनों से निर्माण कार्य जारी है। एक लेन का काम पूरा हो चुका है, जबकि दूसरी लेन पर काम चल रहा है। इसके कारण सड़क का एक हिस्सा बंद है और चेतक ब्रिज से बोर्ड ऑफिस चौराहे की ओर आने वाले वाहन चालकों को लंबा चक्कर लगाना पड़ रहा है। अनुमान है कि प्रतिदिन करीब पांच लाख लोग इस अव्यवस्था से प्रभावित हो रहे हैं।
इस महत्वपूर्ण मार्ग पर स्थायी समाधान क्यों नहीं हो पाया
स्थिति तब और गंभीर हो जाती है जब बारिश होती है। हाल ही में हुई बारिश के दौरान यहां घुटनों तक पानी भर गया, जिससे पैदल यात्रियों और वाहन चालकों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। जलभराव के कारण कई घंटों तक यातायात प्रभावित रहा। ऐसे में सवाल उठ रहे हैं कि मानसून शुरू होने से पहले भी राजधानी के इस महत्वपूर्ण मार्ग पर स्थायी समाधान क्यों नहीं हो पाया।