2000 किलोमीटर तक पीछा, फिर टोल प्लाजा पर दबोची क्रेटा; 115 किलो अफीम बरामद, एक तस्कर गिरफ्तार
इंदौर। मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत केंद्रीय नारकोटिक्स ब्यूरो (CBN) की मध्य प्रदेश इकाई ने बड़ी सफलता हासिल की है। एजेंसी ने 115.160 किलोग्राम अवैध अफीम जब्त करते हुए एक तस्कर को गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई 20 जून 2026 को उत्तर प्रदेश के आगरा-जयपुर हाईवे स्थित सिकंदरा टोल प्लाजा पर की गई।
दिग्ध वाहन की गतिविधियों पर लगातार निगरानी की
सीबीएन नीमच को खुफिया सूचना मिली थी कि झारखंड नंबर की एक हुंडई क्रेटा कार के जरिए गुवाहाटी से जोधपुर तक भारी मात्रा में अफीम की खेप पहुंचाई जा रही है। सूचना मिलते ही अधिकारियों ने विशेष टीम गठित कर 19 जून से ही वाहन की निगरानी शुरू कर दी। टीम ने करीब 2000 किलोमीटर लंबे संभावित मार्ग पर नजर बनाए रखी और संदिग्ध वाहन की गतिविधियों पर लगातार निगरानी की।
सुरक्षा एजेंसियों और जांच टीमों को शक न हो सके
आखिरकार आगरा-जयपुर हाईवे पर सिकंदरा टोल प्लाजा के पास वाहन को रोककर उसकी तलाशी ली गई। जांच के दौरान कार की डिक्की में रखी तीन बोरियों से 109 पैकेट बरामद हुए। इन पैकेटों में कुल 115.160 किलोग्राम अफीम भरी हुई थी। अधिकारियों के अनुसार तस्करों ने अफीम की गंध छिपाने के लिए वाहन के अंदर बड़ी मात्रा में परफ्यूम का छिड़काव किया था, ताकि सुरक्षा एजेंसियों और जांच टीमों को शक न हो सके।
जब्त अफीम को भी कब्जे में लिया गया
कार्रवाई के दौरान एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है। उसके खिलाफ एनडीपीएस एक्ट 1985 के तहत मामला दर्ज किया गया है। साथ ही तस्करी में इस्तेमाल की गई हुंडई क्रेटा कार और जब्त अफीम को भी कब्जे में लिया गया है।
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि यह खेप गुवाहाटी से जोधपुर पहुंचाई जा रही थी। अब सीबीएन पूरे नेटवर्क की जांच में जुटी है और यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि अफीम का स्रोत क्या था तथा इसके पीछे कौन-कौन लोग शामिल हैं।
सीबीएन मध्य प्रदेश के अनुसार वर्ष 2026 में अब तक 69 मामले दर्ज किए जा चुके हैं और 98 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। विभाग ने स्पष्ट किया है कि नशे के कारोबार पर लगाम लगाने के लिए आगे भी खुफिया सूचनाओं के आधार पर सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।