अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस पर अंबिकापुर में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय करेंगे योग, राज्यभर में तैयारियां पूरी
रायपुर/अंबिकापुर।अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस 21 जून को छत्तीसगढ़ में बड़े उत्साह और व्यापक स्तर पर मनाया जाएगा। इस वर्ष राज्य स्तरीय मुख्य कार्यक्रम सरगुजा जिले के अंबिकापुर स्थित पीजी कॉलेज मैदान में आयोजित किया जा रहा है, जहां मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय आम लोगों के साथ सामूहिक योगाभ्यास करेंगे। कार्यक्रम सुबह 6:45 बजे शुरू होगा और 8 बजे तक चलेगा। आयोजन में स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल, जनप्रतिनिधि, प्रशासनिक अधिकारी तथा बड़ी संख्या में नागरिक भी शामिल होंगे।
स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित करना
राज्य सरकार ने अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस को लेकर सभी जिलों में व्यापक तैयारियां पूरी कर ली हैं। जिला मुख्यालयों से लेकर ग्राम पंचायत स्तर तक योग कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इस वर्ष योग दिवस की थीम “स्वस्थ आयु के लिए योग” रखी गई है। इसका उद्देश्य लोगों को योग के प्रति जागरूक करना और स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित करना है।
सामान्य प्रशासन विभाग द्वारा जारी संशोधित आदेश के अनुसार कुछ जिलों में मुख्य अतिथियों के नामों में बदलाव किया गया है। मनेन्द्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर जिले में राज्यसभा सांसद देवेंद्र प्रताप सिंह, बेमेतरा में सांसद लक्ष्मी वर्मा, मोहला-मानपुर-अंबागढ़ चौकी में विधायक डोमनलाल कोर्सेवाड़ा तथा बीजापुर में विधायक नीलकंठ टेकाम मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे।
प्रशासनिक स्तर पर तैयारियों की लगातार समीक्षा की गई
विभाग ने सभी जिला कलेक्टरों को निर्देश दिए हैं कि योग दिवस के कार्यक्रम चिकित्सा शिक्षा (आयुष) विभाग के दिशा-निर्देशों के अनुसार आयोजित किए जाएं। इसके लिए प्रशासनिक स्तर पर तैयारियों की लगातार समीक्षा की गई है।
वहीं राजधानी रायपुर में आयोजित मुख्य कार्यक्रम में राज्यपाल रमेन डेका मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे। प्रदेशभर में आयोजित होने वाले इन कार्यक्रमों के माध्यम से राज्य सरकार योग को जन-जन तक पहुंचाने और इसे जन-आंदोलन का स्वरूप देने का प्रयास कर रही है। योग दिवस को लेकर लोगों में भी खासा उत्साह देखने को मिल रहा है।