रेत विवाद में भाजपा नेता और रिश्तेदार की हत्या पर CM साय सख्त, बोले- दोषियों को नहीं मिलेगी कोई राहत
छत्तीसगढ़ के कोरिया जिले में रेत उत्खनन को लेकर हुए खूनी संघर्ष में भाजपा नेता भरत सिंह गहरवार और उनके रिश्तेदार वीरू सिंह गहरवार की मौत के मामले में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कड़ा रुख अपनाया है। उन्होंने स्पष्ट कहा कि इस जघन्य घटना के किसी भी दोषी को बख्शा नहीं जाएगा और कानून के तहत सभी आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
यह विवाद हिंसक संघर्ष में बदल गया
मुख्यमंत्री साय ने रायपुर से सूरजपुर रवाना होने से पहले मीडिया से बातचीत में कहा कि यह मामला उनके संज्ञान में है और पुलिस पूरे घटनाक्रम की गंभीरता से जांच कर रही है। उन्होंने बताया कि मामले में कुछ आरोपियों को गिरफ्तार भी किया जा चुका है तथा जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई जारी है।
गौरतलब है कि मंगलवार को कोरिया जिले में रेत उत्खनन को लेकर भाजपा नेताओं के दो गुटों के बीच विवाद शुरू हुआ था। देखते ही देखते यह विवाद हिंसक संघर्ष में बदल गया। आरोप है कि इस दौरान एक फॉर्च्यूनर वाहन पर पेट्रोल छिड़ककर आग लगा दी गई। वाहन में मौजूद भाजपा नेता भरत सिंह गहरवार की मौके पर ही जलकर मौत हो गई, जबकि गंभीर रूप से झुलसे उनके रिश्तेदार वीरू सिंह गहरवार ने उपचार के दौरान दम तोड़ दिया।
घटना से जुड़ी जानकारी
इस घटना में तीन अन्य लोग भी गंभीर रूप से घायल हुए हैं, जिनका अंबिकापुर मेडिकल कॉलेज अस्पताल में इलाज जारी है। घायलों में योगेंद्र सिंह की हालत अपेक्षाकृत बेहतर बताई जा रही है और वह पुलिस को घटना से जुड़ी जानकारी देने की स्थिति में हैं।
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने अपने दौरे की जानकारी देते हुए बताया कि वे सूरजपुर में नवनिर्वाचित अध्यक्षों और पार्षदों के शपथ ग्रहण समारोह में शामिल होंगे। इसके अलावा गरियाबंद जिले में लगभग 600 करोड़ रुपये की विकास परियोजनाओं का लोकार्पण भी करेंगे।
विपक्ष अपनी भूमिका निभाएगा
वहीं चांपा-कोरबा तीसरी रेल लाइन परियोजना को केंद्र सरकार से मंजूरी मिलने पर मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का आभार जताया। विधानसभा सत्र को लेकर विपक्ष के आरोपों पर उन्होंने कहा कि विपक्ष अपनी भूमिका निभाएगा, जबकि सरकार जनता के हित में काम करती रहेगी।