चाईबासा में नक्सल अभियान के दौरान कोबरा सांप के डसने से जवान की मौत, रांची के CRPF 133 बटालियन में दी गई श्रद्धांजलि
न्यूज़11 भारत रांची/डेस्क: सारंडा के घने जंगलों में नक्सलियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के दौरान सीआरपीएफ को एक और बड़ा नुकसान झेलना पड़ा है. 209 कोबरा बटालियन के जवान संदीप कुमार की मौत कोबरा सांप के डसने से हो गई. बताया का रहा है कि अभियान के दौरान जवान को सांप ने काट लिया, जिसके बाद इलाज के लिए हॉस्पिटल ले जाया गया. लेकिन तब तक मौत हो चुकी थी. इसके बाद रांची के CRPF 133 बटालियन में कांस्टेबल संदीप कुमार को श्रद्धांजलि दी गई, जिसमें सीआरपीएफ के कोबरा डीसी AK सिंह के साथ झारखंड पुलिस के अधिकारी शामिल हुए. सर्च ऑपरेशन के दौरान सांप ने काटा जानकारी के अनुसार, छोटा नगरा के जंगलों में कोबरा बटालियन की टीम नक्सलियों की तलाश में सर्च ऑपरेशन पर निकली थी. इसी दौरान ड्यूटी के वक्त एक कोबरा सांप ने जवान संदीप कुमार को काट लिया. जैसे ही साथियों को इसकी जानकारी मिली, आनन-फानन में उन्हें जंगल से निकालकर कोलेबिरा के अस्पताल में भर्ती कराया गया. लेकिन इलाज के दौरान उनकी हालत बिगड़ती चली गई और डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया. सारंडा के दुर्गम और खतरनाक जंगलों में अभियान के दौरान जवानों को सिर्फ नक्सलियों से ही नहीं, बल्कि सांप, बिच्छू, मच्छरों और वज्रपात जैसी प्राकृतिक चुनौतियों से भी लगातार जूझना पड़ता है. कई बार ये खतरे नक्सलियों से भी ज्यादा जानलेवा साबित होते हैं. लंबे समय से 209 कोबरा बटालियन में तैनात थे संदीप कुमार संदीप कुमार लंबे समय से 209 कोबरा बटालियन में तैनात थे और उन्होंने कई बड़े नक्सल ऑपरेशनों में हिस्सा लिया था. फिलहाल उनका पार्थिव शरीर सड़क मार्ग से रांची में श्रद्धांजलि देने के बाद पार्थिव शरीर उनके पैतृक आवास उत्तर प्रदेश भेजा गया है, जहां राजकीय सम्मान के साथ उनका अंतिम संस्कार होगा. ये भी पढ़ें- रांची डीसी मंजूनाथ भजन्त्री ने नवनियुक्त मुख्य सचिव अविनाश कुमार से की शिष्टाचार मुलाकात