ग्वालियर में इंसानियत शर्मसार: चोरी के शक में 8 वर्षीय मासूम को बेरहमी से पीटा, मौत के बाद हत्या का मामला दर्ज
ग्वालियर।शहर के पुरानी छावनी थाना क्षेत्र के बरा गांव से इंसानियत को शर्मसार कर देने वाली एक दर्दनाक घटना सामने आई है। चोरी के शक में एक 8 वर्षीय मासूम बच्ची को कथित तौर पर बंधक बनाकर बेरहमी से पीटा गया, जिससे उसकी मौत हो गई। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में गंभीर चोटों और मानसिक सदमे को मौत का कारण बताए जाने के बाद पुलिस ने पड़ोसी दंपत्ति के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर लिया है। मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है, जबकि उसकी पत्नी की तलाश जारी है।
खेलते-खेलते पड़ोसी अमीन खान के घर पहुंच गई थी
मृत बच्ची अलीना खान अपनी मां को पहले ही खो चुकी थी। उसके पिता सलमान खान मजदूरी कर किसी तरह परिवार का पालन-पोषण कर रहे थे। जानकारी के अनुसार गुरुवार को अलीना खेलते-खेलते पड़ोसी अमीन खान के घर पहुंच गई थी। आरोप है कि अमीन खान और उसकी पत्नी रेशमा खान को शक था कि बच्ची ने उनके घर से रुपए और जेवर चुराए हैं।
बंधक बनाकर डंडों से बेरहमी से पीटा
इसी शक के आधार पर दोनों ने मासूम को बंधक बनाकर डंडों से बेरहमी से पीटा। बताया जा रहा है कि मारपीट इतनी गंभीर थी कि बच्ची बुरी तरह घायल हो गई और गहरे मानसिक सदमे में चली गई। शाम को जब पिता मजदूरी से लौटे तो उन्हें बेटी डरी-सहमी हालत में मिली। आरोपी बच्ची और उसके पिता को घर छोड़कर चले गए।
मामले की विस्तृत जांच की जा रही है
घर पहुंचने के बाद अलीना चुपचाप पलंग पर लेट गई। पिता ने उसकी हालत को सामान्य थकान समझा, लेकिन शुक्रवार सुबह जब उन्होंने उसे जगाने की कोशिश की तो वह कोई प्रतिक्रिया नहीं दे रही थी। अस्पताल ले जाने पर डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद पुलिस ने आरोपी अमीन खान और उसकी पत्नी रेशमा खान के खिलाफ हत्या का प्रकरण दर्ज किया। पुलिस ने अमीन को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि फरार आरोपी महिला की तलाश जारी है। मामले की विस्तृत जांच की जा रही है।