सिरसा के विकास पर बोले हरियाणा CM सैनी- ‘करोड़ों का बजट आया, जल्द सुधरेंगे हालात’; कुलदीप बिश्नोई पर साधी चुप्पी
हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने शुक्रवार को सिरसा दौरे के दौरान जिला कष्ट निवारण समिति (ग्रीवेंस) की बैठक की अध्यक्षता की और बाद में जन कल्याण शिविर में आम लोगों की समस्याएं सुनीं। पंचायत भवन परिसर में आयोजित इस बैठक में कुल 15 एजेंडे शामिल किए गए थे, जिनमें से 12 शिकायतों पर सुनवाई हुई, जबकि तीन मामलों में शिकायतकर्ता उपस्थित नहीं हो सके।
बैठक के दौरान मुख्यमंत्री के साथ ओडिशा के पूर्व राज्यपाल प्रो. गणेशीलाल और सिरसा की पूर्व सांसद सुनीता दुग्गल मंच पर मौजूद रहे। वहीं, इनेलो के जिला परिषद चेयरमैन कर्ण चौटाला, जिला प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी, कांग्रेस विधायक शीशपाल कहरवाला और गोकुल सेतिया सहित कई जनप्रतिनिधि भी उपस्थित रहे। ऐलनाबाद से विधायक भरत सिंह बैनिवाल बैठक में शामिल नहीं हुए।
कांग्रेस विधायकों को दिया बोलने का अवसर
बैठक में मुख्यमंत्री ने दोनों कांग्रेस विधायकों को अपनी बात रखने का मौका दिया। विधायक शीशपाल कहरवाला ने घग्गर नदी क्षेत्र में बाढ़ की आशंका और सरपंचों के लंबित भुगतानों का मुद्दा उठाया। उन्होंने कहा कि पिछली बार बाढ़ जैसी स्थिति के दौरान प्रशासन के निर्देश पर सरपंचों ने अपने स्तर पर खर्च कर मिट्टी डलवाई थी, लेकिन अब तक उनका भुगतान लंबित है। उन्होंने लंबित राशि जारी कराने की मांग की।
इसके बाद विधायक गोकुल सेतिया ने शहर की खराब सड़कों और ऑटो मार्केट की बदहाल स्थिति का मुद्दा उठाया। हालांकि, मुख्यमंत्री ने उन्हें बीच में ही रोकते हुए कहा कि इस विषय पर बाद में अलग से चर्चा की जाएगी। बैठक समाप्त होने के बाद गोकुल सेतिया मुख्यमंत्री से व्यक्तिगत रूप से बातचीत करते दिखाई दिए और उन्हें एक फाइल भी सौंपी, जिसे मुख्यमंत्री ने अपने स्टाफ को सौंप दिया।
‘सीवरेज कार्यों के कारण उखड़ी हैं सड़कें’
बैठक के बाद मीडिया से बातचीत में मुख्यमंत्री नायब सैनी ने कहा कि ग्रीवेंस कमेटी में आए 12 मामलों पर सुनवाई की गई, जबकि तीन मामलों को आगे की कार्रवाई के लिए लंबित रखा गया है। उन्होंने कहा कि जनता की समस्याओं का समाधान करना सरकार की जिम्मेदारी है और इस दिशा में लगातार प्रयास किए जा रहे हैं।
शहर की जर्जर सड़कों को लेकर मुख्यमंत्री ने कहा कि वर्तमान में सीवरेज परियोजना के तहत पाइपलाइन बिछाने का कार्य चल रहा है, जिसके कारण कई जगह सड़कें खोदी गई हैं। उन्होंने आश्वासन दिया कि कार्य पूरा होते ही सभी सड़कों को दुरुस्त कराया जाएगा।
‘पहले से ज्यादा मिला विकास का बजट’
सिरसा के विकास को लेकर उठ रहे सवालों पर मुख्यमंत्री ने कहा कि वर्ष 2014 के बाद जिले में विकास कार्यों के लिए पहले की तुलना में कहीं अधिक बजट उपलब्ध कराया गया है। उन्होंने बताया कि पंचायतों, नगर परिषदों और नगर पालिकाओं को भी विकास कार्यों के लिए पर्याप्त धनराशि जारी की गई है। उनके अनुसार, विभिन्न परियोजनाओं के चलते अस्थायी असुविधाएं जरूर हैं, लेकिन जल्द ही हालात सामान्य हो जाएंगे।
कुलदीप बिश्नोई और अफीम मामले पर नहीं बोले
मीडिया ने जब भाजपा नेता कुलदीप बिश्नोई से उनकी लगातार मुलाकातों को लेकर सवाल किया तो मुख्यमंत्री ने इस पर कोई प्रतिक्रिया नहीं दी। वहीं, सिरसा में जब्त अफीम को कथित तौर पर खुर्द-बुर्द किए जाने और उसमें पुलिसकर्मियों की संलिप्तता के आरोपों पर भी उन्होंने टिप्पणी करने से परहेज किया।
हालांकि, नीट परीक्षा की तैयारियों पर मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार की ओर से सभी आवश्यक इंतजाम किए गए हैं और परीक्षा को सुचारु एवं पारदर्शी तरीके से संपन्न कराया जाएगा।