फादर्स डे पर झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने

फादर्स डे पर पिता शिबू सोरेन को याद कर भावुक हुए झारखण्ड सीएम हेमंत सोरेन, बोले- "तपती धूप में बरगद-सी छाया हैं बाबा"

फादर्स डे पर पिता शिबू सोरेन को याद कर भावुक हुए झारखण्ड सीएम हेमंत सोरेन, बोले- तपती धूप में बरगद-सी छाया हैं बाबा

फादर्स डे के अवसर पर झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने अपने पिता और झारखंड आंदोलन के प्रमुख नेता शिबू सोरेन को भावुक शब्दों में याद किया। सोशल मीडिया पर साझा किए गए संदेश में उन्होंने अपने पिता को केवल अभिभावक ही नहीं, बल्कि संघर्ष, साहस, संकल्प और संस्कारों की जीवंत पाठशाला बताया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि पिता जीवन का वह आधार होते हैं, जहां से व्यक्ति को संघर्षों से लड़ने और समाज के लिए काम करने की प्रेरणा मिलती है। उन्होंने लिखा कि बाबा ने हमेशा सिखाया कि जनता का विश्वास ही किसी जनप्रतिनिधि की सबसे बड़ी ताकत होता है और अपने लोगों के अधिकारों के लिए हर परिस्थिति में मजबूती से खड़े रहना ही सच्ची जनसेवा है।

शिबू सोरेन

‘जनसेवा का मार्ग बाबा के संघर्षों से मिला’

हेमंत सोरेन ने अपने संदेश में कहा कि शिबू सोरेन के अथक संघर्ष, त्याग, विचारों और आशीर्वाद ने उन्हें जनसेवा का रास्ता दिखाया। उन्होंने कहा कि उनके पिता का पूरा जीवन आदिवासी समाज, झारखंड की पहचान और लोगों के अधिकारों के लिए समर्पित रहा।

मुख्यमंत्री ने लिखा, “बाबा दिशोम गुरु शिबू सोरेन ने हमें हमेशा सिखाया कि लोगों का विश्वास ही सबसे बड़ी ताकत है। उनके संघर्ष और विचारों से ही हमें समाज की सेवा करने की प्रेरणा मिली है।”

‘बरगद-सी छाया और संघर्ष की राह का हौसला’

अपने संदेश में हेमंत सोरेन ने भावनात्मक अंदाज में पिता के प्रति सम्मान व्यक्त करते हुए लिखा, “तपती धूप में बरगद-सी छाया हैं बाबा, संघर्ष की राह में अटूट हौसला हैं बाबा। हमारी सोच, हमारे संस्कार और हमारी पहचान हैं बाबा। एक पिता ही नहीं, पूरे समाज का स्वाभिमान हैं बाबा।”

उन्होंने अपने पिता को मार्गदर्शक, शिक्षक और प्रेरणास्रोत बताते हुए उन्हें शत-शत नमन किया। मुख्यमंत्री की यह भावनात्मक पोस्ट सोशल मीडिया पर तेजी से चर्चा का विषय बन गई, जहां समर्थकों और पार्टी कार्यकर्ताओं ने भी दिशोम गुरु को श्रद्धापूर्वक याद किया।

23 जून को मिलेगा मरणोपरांत पद्मभूषण

इस बीच, झारखंड मुक्ति मोर्चा (जेएमएम) के संस्थापक शिबू सोरेन को 23 जून को मरणोपरांत देश के प्रतिष्ठित नागरिक सम्मान पद्म भूषण से सम्मानित किया जाएगा। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू नई दिल्ली में आयोजित दूसरे नागरिक अलंकरण समारोह में यह सम्मान प्रदान करेंगी।

राष्ट्रपति मुर्मू

परिवार की ओर से यह सम्मान स्वयं मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ग्रहण करेंगे। यह सम्मान झारखंड आंदोलन और जनजातीय समाज के उत्थान के लिए शिबू सोरेन के लंबे योगदान की राष्ट्रीय स्तर पर पहचान माना जा रहा है।

महाराष्ट्र दौरे पर हैं मुख्यमंत्री

पद्मभूषण समारोह से पहले मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन महाराष्ट्र दौरे पर हैं। उन्होंने अपनी पत्नी और विधायक कल्पना सोरेन के साथ शिर्डी साईं बाबा मंदिर में दर्शन कर राज्य की सुख-समृद्धि, शांति, उत्तम स्वास्थ्य और खुशहाली की कामना की। मुख्यमंत्री ने राज्यवासियों के कल्याण के लिए प्रार्थना करते हुए सभी के उज्ज्वल भविष्य की कामना की।