देश-विदेश

भीषण हादसा! अयोध्या में जोरदार धमाके से ढहा घर, 5 शव बरामद

न्यूज़11 भारत  रांची/डेस्क: अयोध्या के कलंदर थाना क्षेत्र के पगला भारी गांव में एक मकान में हुए भीषण विस्फोट से पूरे इलाके में दहशत फैल गई. इस दर्दनाक हादसे में पिता और तीन बच्चों समेत कुल पांच लोगों की मौत हो गई है. विस्फोट इतना भयानक था कि मकान पूरी तरह ढह गया और आसपास के घरों की खिड़कियां तक हिल गईं.

हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस, प्रशासन और रेस्क्यू टीम मौके पर पहुंचीं. जेसीबी मशीनों की मदद से मलबे को हटाने का काम जारी है. प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, अभी भी कुछ लोगों के मलबे में दबे होने की आशंका है, जिसके चलते पुलिस ने आसपास के मकानों को खाली करा लिया है और लोगों से सुरक्षित दूरी बनाए रखने की अपील की है.

मौके से प्रेशर कुकर और गैस सिलेंडर के टुकड़े बरामद किए गए हैं. प्रारंभिक जांच में पता चला है कि मकान मालिक पप्पू अवैध रूप से पटाखे बनाने का काम करता था और ढहे हुए मकान में अवैध रूप से पटाखों का स्टोरेज किया गया था. पुलिस अब विस्फोट के असली कारणों और अवैध गतिविधियों की गहराई से जांच में जुटी है.

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने इस मामले में संज्ञान लिया है. अधिकारियों ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और जांच के आदेश दिए हैं. पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि पटाखों का भंडारण किसने और कैसे किया था.

यह भी पढ़े: बार काउंसिल चुनाव: नामांकन शुल्क में भारी बढ़ोतरी पर अधिवक्ता ने हाईकोर्ट में दी चुनौती